- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- World उपभोक्ता संगठन...
World उपभोक्ता संगठन में दीपक राज सिंघल की एंट्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सौंपा संरक्षक पद

Deoband देवबंद : देवबंद (सहारनपुर)। विश्व उपभोक्ता संगठन ने वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी दीपक राज सिंघल को संगठन का संरक्षक घोषित किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम ने इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित सिंघल के प्रतिष्ठान पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व उपभोक्ता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम ने कहा कि वर्तमान समय में उपभोक्ताओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाजार में बढ़ते भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का सबसे अधिक प्रभाव आम उपभोक्ता पर पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के साथ किसी वस्तु की गुणवत्ता, कीमत, वजन या अन्य किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होती है तो उसे चुप नहीं बैठना चाहिए। उपभोक्ता को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराकर न्याय प्राप्त करना चाहिए।
असगर आलम ने कहा कि उपभोक्ता फोरम में किसी भी मामले में कार्रवाई के लिए ठोस साक्ष्य होना जरूरी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कोई भी सामान खरीदते समय उसका बिल अवश्य लें। बिल भविष्य में किसी भी विवाद की स्थिति में महत्वपूर्ण प्रमाण साबित होता है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाना संगठन की प्राथमिकता है। लोगों को यह समझना होगा कि उनके पास कानून द्वारा दिए गए कई अधिकार हैं, जिनका इस्तेमाल कर वे अपने साथ होने वाले शोषण के खिलाफ लड़ सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम ने स्थानीय समाजसेवी और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक राज सिंघल को संगठन का संरक्षक घोषित किया। उन्होंने कहा कि दीपक राज सिंघल का सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में योगदान सराहनीय रहा है। उनके अनुभव और सहयोग से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा उपभोक्ता हितों से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
नवनियुक्त संरक्षक दीपक राज सिंघल ने संगठन के नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेश कंसल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, पंकज गुप्ता, जर्रार बेग, राजीव भाटिया, जुल्फिकार बेग, इंतखाब आलम एडवोकेट, ईरान उस्मानी, विजय गिरधर, निर्मल लूथरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम का स्वागत किया और संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





