उत्तर प्रदेश

महिला पहलवानों के यौन शोषण पर,सोरम की खाप पंचायत में फैसला आज

Ashwandewangan
1 Jun 2023 5:34 PM IST
महिला पहलवानों के यौन शोषण पर,सोरम की खाप पंचायत में फैसला आज
x

मुजफ्फरनगर -महिला पहलवानों के यौन शोषण पर आगे की रणनीति बनाने का अंतिम फैसला कल कुरुक्षेत्र में होने वाली सर्व जातीय महापंचायत में होगा, सभी खाप चौधरी राष्ट्रपति से भी मुलाकात कर महिला पहलवानों के न्याय के लिए उनसे वार्ता करेंगे।यह फैसला आज मुजफ्फरनगर में सोरम की खाप पंचायत में लिया गया है। पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि महिला पहलवानों को हर हालत में न्याय दिलाया जाएगा, आज की खाप पंचायत में कई अहम फैसले लिए गए है जो अभी सुरक्षित रखे गए हैं, जो कल कुरुक्षेत्र में सर्वजातीय महापंचायत बुलाई गई है, तो उसी में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

राकेश टिकैत ने कहा कि इस मामले में लंबी लड़ाई लड़ी जाएगी। वे आंदोलनकारी नहीं है। अब आंदोलन समाज लड़ेगा। यह महिलाओं का अपमान है, तिरंगे का अपमान है। हम पूरे देश में जाएंगे।

राकेश टिकैत ने कहा कि सभी खाप पंचायतें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगी और उनसे महिला पहलवानों को न्याय दिलाने का अनुरोध किया जाएगा। राकेश टिकैत ने अयोध्या में बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में संतों द्वारा बुलाई गई सभा पर भी कहा कि वह भी महिला पहलवानों को लेकर संतों के पास जाएंगे और संतों से ही न्याय की अपील करेंगे।

महिला पहलवानों के समर्थन में पंचायत में सर्वखाप चौधरियों ने मंच से केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। चौधरियों ने एक सुर में कहा कि सरकार ने बेटियों को भी जातियों में बांट दिया है। खिलाड़ियों की कोई जाति नहीं होती। इस लड़ाई को आगे तक लड़ा जाएगा।

त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि दिल्ली के पुलिस अधिकारी अपनी मर्यादा भूल गए हैं। हमारी बेटियों को भी जातियों में बांट दिया हैं। जब ये विदेश में जीतकर लौटी थी तो क्या आपने इनकी जाति पूछी थी। तब ये देश की बेटियां थी। आज पुलिस के सिपाही इनके सिर पर पैर रखकर खड़े हैं। यह पूरी तरह से निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सर्वखाप समाज खून की बलि देने के लिए तैयार है। हमारी बेटियों को आंखें दिखाने की कोशिश की तो इनकी आंखें नोंच लेंगे। केंद्र सरकार को इस मनमानी का खामियाजा 2024 में भुगतना पड़ेगा।

मेरठ के सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान और रालोद के जिलाध्यक्ष संदीप मलिक भी सर्वखाप पंचायत में पहुंचे और मंच से महिला पहलवानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि इस पंचायत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के खाप चौधरियों ने भाग लिया।

Ashwandewangan

Ashwandewangan

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story