उत्तर प्रदेश

ककरैठा के जंगल में मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं

Admin Delhi 1
23 Jun 2023 12:20 PM IST
ककरैठा के जंगल में मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं
x

आगरा न्यूज़: ककरैठा के जंगल में एक और हत्या कर दी गई. वनखंडी मंदिर के पास युवक का शव मिला. उसका गला घोंटने के बाद बाद चेहरे को किसी भारी वस्तु से कुचला गया है. चेहरा कुचलने के पीछे शव की पहचान न हो, यह कोशिश की गई है. युवक के हाथ पर राजेश लिखा है. इसी जंगल में सात जून को कारोबारी की पत्नी अंजली बजाज को बहाने से बुलाने के बाद हत्या कर दी गई थी. अगले दिन उनका शव मिला था.

सुबह करीब 10 बजे जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने वनखंडी मंदिर से ककरैठा के जंगल जाने वाले मार्ग पर झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा. उसका चेहरा क्षत-विक्षत था. गले पर नीला निशान था. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने युवक के कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन ऐसा कुछ बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान होती. वह काली सफेद धारीदार शर्ट, काली पैंट पहने था. उसके एक हाथ पर राजेश लिखा हुआ था. गले पर निशान से अनुमान है कि उसका गला घोंटा गया है. अनुमान है कि बहाने से जंगल में लाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई.

ककरैठा के जंगल में आठ जून को कारोबारी की पत्नी अंजली बजाज का शव मिला था. बेटी के मित्र प्रखर ने उन्हें जंगल में बहाने से बुलाया था. अपने मित्र शीलू के साथ मिलकर चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी थी. पुलिस आरोपितों के कपड़े मृतका का मोबाइल बरामद करने के लिए उन्हें न्यायालय से रिमांड पर लेने के बाद रविवार तक जंगल की खाक छानती रही थी. पुलिस का अनुमान है कि युवक की हत्या रात को किसी समय की गई होगी. प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.

Next Story