उत्तर प्रदेश

घर में पड़ा मिला शव, प्रॉपर्टी को लेकर युवक की हत्या

Admin4
23 July 2022 11:37 AM GMT
घर में पड़ा मिला शव, प्रॉपर्टी को लेकर युवक की हत्या
x

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों को कहना है कि जांच की जा रही है। परिवार के लोग इसे प्रॉपर्टी का विवाद बता रहे हैं। करीब एक वर्ष से बड़े बेटे की पत्नी प्रॉपर्टी में हिस्सेदारी मांग रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामला थाना एत्माद्वौला के प्रकाश नगर क्षेत्र का है। घनश्याम कुशवाह (22) पुत्र गोपाली का शव शनिवार सुबह खून से लथपथ घर के कमरे में मिला था। घनश्याम अपनी मां द्रौपदी के साथ रहता था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि शनिवार सुबह जब वह 10 बजे तक घर से बाहर नहीं निकला तो आसपड़ोस के लोगों ने घर में जाकर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घनश्याम का रक्तरंजित शव मकान के सबसे अंतिम कमरे में पड़ा था। क्षेत्रीय लोगों ने परिवार और पुलिस को सूचना दी, जबकि घनश्याम की मां द्रौपदी कुछ दिनों पूर्व अपने मायके टूंडला गई हुई थीं। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी विकास कुमार का कहना है कि हत्या का कारण पता किया जा रहा है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

प्रॉपर्टी का चल रहा था विवाद

घनश्याम के पिता गोपाली रेलवे कर्मी थे। पिता की मौत के बाद उनकी मां द्रौपदी को रेलवे से पेंशन मिलती है। मूलरूप से करभना थाना ताजगंज से करीब 12 साल पहले नुनिहाई प्रकाश नगर में रहने के लिए आ गए। घनश्याम के बड़े भाई विष्णु की लॉकडाउन में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से विष्णु की पत्नी रश्मि अपने दो बच्चों के साथ मायके में सुल्तानगंज में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि रश्मि लगातार प्रॉपर्टी में हिस्सा मांग रही थी। इसको लेकर कई बार विवाद हो चुका है।

घर में अकेला था घनश्याम

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि घनश्याम की मां द्रौपदी सोमवार को अपने मायके टूंडला चली गई थी। घनश्याम नशे का आदी था। शराब के साथ वह गांजे का भी शौक रखता था। यही वजह थी कि उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। हत्या के समय वह घर में अकेला था।

Next Story