- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Canal से मिला शव, बस...
Canal से मिला शव, बस में यात्री की मौत; दो युवकों ने फंदा लगाकर खत्म की जिंदगी

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार लोगों की मौत के मामले सामने आने से हड़कंप मच गया। घटनाओं में एक लापता व्यक्ति का शव नहर से बरामद हुआ, जबकि एक नेपाली नागरिक की बस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके अलावा दो किशोर और युवकों ने अलग-अलग स्थानों पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
नहर में मिला दो दिन से लापता व्यक्ति का शव
पहला मामला थाना दनकौर क्षेत्र का है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार शाम क्षेत्र की नहर से करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान थाना जारचा क्षेत्र के छायसा गांव निवासी राजेंद्र पुत्र गरीब के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजेंद्र का अपने बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गए थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने थाना जारचा में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या की होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
दिल्ली से नेपाल जा रही बस में यात्री की मौत
दूसरा मामला थाना सेक्टर-24 क्षेत्र का है। यहां दिल्ली से नेपाल जा रही एक डीलक्स बस में यात्रा कर रहे नेपाली नागरिक मुक्त बहादुर थापा (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-34 के पास यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश हो गए। बस में मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
15 वर्षीय किशोर ने घर में लगाया फंदा
थाना फेस-2 क्षेत्र के नगला चरणदास गांव में रहने वाले 15 वर्षीय रियाज पुत्र सहमुल्ला ने शनिवार रात घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक, मृतक मूल रूप से बिहार के मोतिहारी जिले का रहने वाला था। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रियाज को इधर-उधर घूमने को लेकर डांट लगाई गई थी। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
18 वर्षीय युवक ने भी दी जान
वहीं थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में 18 वर्षीय सौरभ भरई पुत्र सपन भरई ने भी घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सौरभ मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर जिले का रहने वाला था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में धैर्य बनाए रखें और परिवार के सदस्यों की परेशानियों को समझते हुए समय पर संवाद करें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





