उत्तर प्रदेश

कमरे में फंदे पर लटकी मिली लाश ,पति और ससुराल वाले फरार

Tara Tandi
25 April 2024 10:30 AM IST
कमरे में फंदे पर लटकी मिली लाश ,पति और ससुराल वाले फरार
x
आगरा : आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पति व अन्य ससुराल वाले मौके पर नहीं थे। मायके पक्ष के परिजन का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में कार और सोने की चेन नहीं देने पर बेटी की हत्या कर दी गई है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मैनपुरी के थाना औछा के गांव नाहिल निवासी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अंजली उर्फ पूनम की शादी 22 फरवरी 2022 को ट्रांसयमुना फेज-2 निवासी आकाश के साथ की थी। पति व अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में कार और सोने की चेन मांग रहे थे।
मांग पूरी नहीं होने पर बेटी का उत्पीड़न करने लगे। जून 2023 में अंजली ने एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद मांग और बढ़ गई। अंजली को मायके भेजना बंद कर दिया। फोन पर भी बात नहीं करने देते। मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे अंजली ने फोन पर अपने पिता को बताया कि आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। वह अपने अन्य परिजन के साथ बुधवार को बेटी की ससुराल जाने वाले थे। इससे पहले ही सुबह 7 बजे उनके रिश्तेदार रतन सिंह ने अंजली की मौत की खबर सुना दी।
रतन सिंह ने बताया कि अंजली का शव फंदे से लटका है। ससुराल वाले फरार हैं। वह मौके पर पहुंचे पहुंचे। इससे पहले पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एत्माद्दौला थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति आकाश, ससुर राजेंद्र सिंह, सास, देवर अभिषेक, देवरानी कविता पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Next Story