उत्तर प्रदेश

सांप कांड की आरोपी दामिनी बनी जेल में टीचर, प्रेमी से शादी की जिद

Saba Naaz
21 July 2026 6:43 PM IST
सांप कांड की आरोपी दामिनी बनी जेल में टीचर, प्रेमी से शादी की जिद
x

मेरठ : चर्चित अतुल पंवार हत्याकांड में आरोपी दामिनी पंवार जेल पहुंचने के बाद भी अपने रवैये को लेकर चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, स्कूल संचालक अतुल पंवार की हत्या की साजिश में शामिल दामिनी को अपने कृत्य का कोई पछतावा नहीं है। वहीं जेल में पहुंचने के कुछ दिनों बाद ही उसने वहां की व्यवस्था को समझते हुए काम करने की इच्छा जताई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे महिला लाइब्रेरी की जिम्मेदारी सौंप दी है। अब वह जेल में बंद महिला कैदियों को पढ़ाने और किताबें उपलब्ध कराने का काम करेगी।

जानकारी के अनुसार, दामिनी पंवार को जेल में बंद हुए तीन दिन ही हुए थे कि उसने जेलर से काम देने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे महिला लाइब्रेरी का इंचार्ज बना दिया। मंगलवार से उसने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। जेल अधिकारियों के मुताबिक, दामिनी महिला बंदियों को किताबें और अखबार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें पढ़ाने का काम करेगी।

दूसरी ओर, पुलिस अतुल पंवार हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी और वैज्ञानिक सबूतों को जुटाकर केस डायरी तैयार की जा रही है, ताकि अदालत में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

मामला हस्तिनापुर की शकुंतला कॉलोनी का है, जहां 32 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे के साथ रहते थे। अतुल मूल रूप से बहसूमा क्षेत्र के गांव भंडौरा के रहने वाले थे। उन्होंने करीब सात साल पहले मुजफ्फरनगर निवासी दामिनी से प्रेम विवाह किया था। अतुल कृष्णा किड्स प्ले स्कूल चलाते थे, जबकि उनकी पत्नी दामिनी स्कूल की प्रिंसिपल थी। इसके अलावा अतुल विद्या पब्लिकेशन मेरठ में भी नौकरी करते थे।

पुलिस जांच के अनुसार, शुक्रवार सुबह दामिनी का प्रेमी तुषार पायला अपने साथियों सोनू और उदय के साथ अतुल के घर पहुंचा था। आरोप है कि इससे पहले दामिनी ने धोखे से दूध में नींद की गोलियां मिलाकर अतुल को पिला दी थीं। इसके बाद करैत प्रजाति के जहरीले सांप को उसकी चादर में छोड़ दिया गया, जिससे सांप के डसने से उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने दामिनी, उसके प्रेमी तुषार पायला, सपेरे सोनू और उदय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अब इस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है। अतुल की मौत का असली कारण जानने के लिए उसका बिसरा फोरेंसिक लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत नींद की गोलियों के असर से हुई या सांप के डसने से।

इसके अलावा पुलिस दामिनी और तुषार के मोबाइल फोन की जांच भी कर रही है। दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को रिकवर किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल जांच से हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अतुल पंवार हत्याकांड में सभी आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जाएगा।

इधर, दामिनी के जेल जाने के बाद कृष्णा किड्स प्ले स्कूल बंद पड़ा है। स्कूल बंद होने से बच्चों के अभिभावक भी चिंतित हैं। अतुल की मौत और दामिनी के जेल जाने के बाद स्कूल संचालन की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं बचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना से न केवल एक परिवार उजड़ गया, बल्कि कई बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी की नजरें फोरेंसिक रिपोर्ट तथा डिजिटल सबूतों पर टिकी हुई हैं। वहीं दामिनी का जेल में लाइब्रेरी संभालना और जमानत मिलने के बाद प्रेमी तुषार से शादी करने की बात कहना इस पूरे मामले को और चर्चा में ला रहा है।

Next Story