उत्तर प्रदेश

Noida में साइबर ठगी पर शिकंजा, फर्जी सोलर कंपनी का नेटवर्क उजागर

Ratna Netam
11 July 2026 8:02 PM IST
Noida  में साइबर ठगी पर शिकंजा, फर्जी सोलर कंपनी का नेटवर्क उजागर
x

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सस्ती दरों पर नामी कंपनियों के सोलर ऊर्जा पैनल लगाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चेकबुक और एक फर्म का विजिटिंग कार्ड बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत की गई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और जांच से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें नोएडा से गिरफ्तार किया।

पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) शैव्या गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार और अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों से साइबर ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

सस्ते सोलर पैनल का झांसा देकर करते थे ठगी

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को सस्ती कीमत पर नामी कंपनियों के सोलर पैनल लगाने का लालच देते थे। इसके लिए वे ऑनलाइन विज्ञापन और अन्य माध्यमों से ग्राहकों से संपर्क करते थे। बातचीत के दौरान ग्राहकों को कम कीमत में बेहतर सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया जाता था।

इसके बाद आरोपियों द्वारा एडवांस भुगतान के नाम पर रकम जमा कराई जाती थी। पैसे मिलने के बाद न तो सोलर पैनल लगाए जाते थे और न ही ग्राहकों को उनकी रकम वापस की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने ठगी के नेटवर्क को चलाने के लिए नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग स्थानों पर समय-समय पर कार्यालय खोलते थे। इन कार्यालयों के जरिए वे लोगों को विश्वास में लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।

कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें

साइबर क्राइम पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान में कुल आठ शिकायतें दर्ज हैं।

प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा करीब 15.5 लाख रुपये की ठगी किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटाने में लगी है।

मोबाइल, सिम और चेकबुक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, एक चेकबुक और HRIDHAAN फर्म का विजिटिंग कार्ड बरामद किया है। बरामद सामान की जांच की जा रही है, जिससे ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 318(4), 319(2), 238(सी), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

साइबर पुलिस ने लोगों को किया सावधान

साइबर क्राइम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी या ऑनलाइन सेवा का इस्तेमाल करने से पहले उसकी प्रमाणिकता जरूर जांच लें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर एडवांस भुगतान करने से बचें।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी निजी जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी या ओटीपी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Next Story