- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- निगोहां में सोते समय...
निगोहां में सोते समय दंपती को सांप ने काटा: पति ने तोड़ा दम, पत्नी की हालत नाजुक

लखनऊ: निगोहां थाना क्षेत्र अंतर्गत नगराम के कुशभिटा गांव में सर्पदंश से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गांव में अपने कच्चे मकान में जमीन पर सो रहे दंपती को देर रात जहरीले सांप ने डस लिया। इस दुर्घटना में 31 वर्षीय किसान शैलेन्द्र कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी 25 वर्षीया पत्नी राधिका की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशभिटा निवासी शैलेन्द्र कुमार बृहस्पतिवार की रात अपनी पत्नी राधिका और बच्चों के साथ खाना खाने के बाद घर में जमीन पर चटाई बिछाकर सो रहे थे। देर रात अचानक एक जहरीले सांप ने शैलेन्द्र और उनकी पत्नी दोनों को काट लिया। चीख-पुकार सुनकर जगे परिजनों को जब सर्पदंश की जानकारी हुई, तो वे आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए नजदीकी सीएचसी मोहनलालगंज लेकर पहुंचे।
सीएचसी में डॉक्टरों ने राधिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ उनका इलाज जारी है और हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं शैलेन्द्र का इलाज सीएचसी में ही शुरू किया गया।
मृतक शैलेन्द्र के पिता वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि सीएचसी के डॉक्टरों ने उनके बेटे को एंटी-वेनम (एंटी स्नेक वेनम) इंजेक्शन तो लगाया, लेकिन पूर्ण निगरानी में रखने के बजाय उन्हें घर वापस भेज दिया। घर पहुँचने के कुछ ही समय बाद शैलेन्द्र की तबीयत अचानक फिर से बिगड़ने लगी और वे अचेत हो गए। घबराए परिजन जब उन्हें दोबारा सीएचसी मोहनलालगंज लेकर पहुँचे, तो डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची मोहनलालगंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है। शैलेन्द्र अपने पीछे तीन छोटे बेटों—सूरज, बलराम, छह माह के मासूम गोलू—और ढाई वर्ष की मासूम बेटी लक्ष्मी को छोड़ गए हैं। परिजनों ने दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





