उत्तर प्रदेश

पार्षद प्रत्याशी आपस में भिड़े, पुलिस ने हिरासत में लिया

Admin Delhi 1
12 May 2023 1:39 PM GMT
पार्षद प्रत्याशी आपस में भिड़े, पुलिस ने हिरासत में लिया
x

मेरठ: छुटपुट मारपीट और पुलिस लाठीचार्ज के बीच 45.68 प्रतिशत मतदान महानगर में हुआ। फर्जी मतदान को लेकर पुलिस ने दो पार्षद प्रत्याशियों समेत दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया, जिनको छह घंटे तक थाने में बैठाये रखा। पुलिस लाठीचार्ज का लोगों ने विरोध भी किया। वार्ड-55 के फतेहउल्लापुर बूथ से दो सौ मीटर की दूरी पर बैठकर मतदाताओं के लिए पर्ची बना रहे सपाइयों पर पुलिस ने अचानक लाठीचार्ज कर दिया, जिसके बाद यहां भगदड़ मच गई।

पुलिस ने लोगों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लाठीचार्ज के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, जिसके बाद मतदान भी प्रभावित हुआ। सपा विधायक अतुल प्रधान ने इसे ट्यूटर पर ट्यूट कर दिया, जिसमें बेवजह लोगों पर लाठीचार्ज कर मतदान को प्रभावित करने की जांच कराने की चुनाव आयोग से मांग की। हालांकि इसमें पुलिस ने कोई कार्रवाई पुलिस कर्मियों के खिलाफ नहीं की हैं।

पुलिस ने भीड़ को गलियों में खड़ा नहीं होने दिया, जहां भी भीड़ दिखी पुलिस ने सड़क पर लाठी फटकारी और भीड़ को दौड़ा लिया। ऐसा कई स्थानों पर हुआ। फतेहउल्लापुर में मतदान केन्द्र के बूथ संख्या 661, 662, 674 से 200 मीटर की दूरी पर प्रत्याशियों के बस्ते लगे हुए थे।

यहां मतदाताओं की पर्चियां बनाई जा रही थी। अचानक पुलिस कर्मी पहुंचे और पर्चियां बना रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने खूब लाठीभांजी और लोगों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध कर दिया। इसके बाद लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई।

इसका एक वीडियो भी वायरल हो गया हैं। सपा विधायक अतुल प्रधान ने ये वीडियो ट्यूटर पर ट्यूट करते हुए वायरल कर दिया हैं। सूरजकुंड में वार्ड 58 के बूथ पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी अंशुल गुप्ता और निर्दलीय प्रत्याशी सुमित शर्मा के बीच भिड़ंत हो गई। हाथापाई तक हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को कस्टडी में ले लिया था तथा सिविल लाइन थाने के लॉकअप में बंद कर दिया गया।

शाम को पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को मुचलकों में पाबंद करने के बाद ही छोड़ा। इसी तरह से आरजी कालेज के बूथ पर भी फर्जी मतदान को लेकर खूब हंगामा हुआ। दो युवती फर्जी मतदान कर रही थी, जिसका लोगों ने विरोध कर दिया। इसके बाद पुलिस दोनों युवतियों को पकड़कर थाने ले गई।

जिस समय पुलिस दोनों युवतियों को पकड़कर आरजी कालेज के बूथ से ले जा रही थी तो युवती पक्ष के लोगों ने खूब हंगामा किया गया। पुलिस ने इन लोगों की मुंह भाषा तक हो गई। पुलिस ने करीब दर्जन भर लोगों को फर्जी मतदान करने के आरोप में गिरफ्तार किया, जिनको बाद में छोड़ दिया गया।

Next Story