- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पार्षद और भाजपा पार्षद...

x
बड़ी खबर
कानपुर। कानपुर नगर शनिवार को अखाड़ा बन गया। सपा के विधायक, पार्षद और भाजपा पार्षद एक-दूसरे से भिड़ गए। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने भाजपा पार्षदों से कहा, डैडी नहीं तो तुम्हारे। तानाशाही नहीं चलेगी। जवाब में महापौर प्रमिला पांडेय बोलीं, "विधायकी का बहुत घमंड है। सपा विधायक गुंडे हैं। " करीब आधे घंटे तक तू-तू, मैं-मैं और नोंकझोक हुई। पार्षदों ने विधायकों के सदन से बहिष्कार की मांग की। हंगामे को देखते हुए सुरक्षा कर्मी भी पहुंच गए। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा।
महापौर गुस्से में सदन छोड़कर चली गईं। ये सारा हंगामा नगर निगम के सामुदायिक केंद्र को लेकर हुआ है। बताया जा रहा है कि 25 साल के लिए सामुदायिक केंद्र प्राइवेट संस्था को लीज दिया जा रहा है, लेकिन सपा विधायक इस लीज पर देना नहीं चाहते हैं। भाजपा पार्षदों ने कहा, "सपा विधायक गुंडे हैं, इनकी गुंडागर्दी यहां नहीं चलेगी। ये विधानसभा नहीं, कानपुर नगर निगम का सदन है।" भाजपा पार्षदों ने विधायक निधि में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। सपा विधायक इरफान सोलंकी ने कहा, "ये महापौर की तानाशाही है।
मैं जवाब नगर आयुक्त से मांग रहा हूं और जवाब आप दे रही हैं।" सपा विधायक इरफान सोलंकी सामुदायिक केंद्र को 25 साल के लिए प्राइवेट संस्था को दिए जाने पर नगर आयुक्त को गुमराह करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन में शिकायत करेंगे। इस पर महापौर ने कहा कि इस तरह का सवाल गलत है। विधायक ने कहा कि इस योजना में नगर निगम से कितने पैसे लगे हैं, ये भी बताया जाए। इसमें नगर निगम के कितना बजट लगा है। विधायक ने कहा कि तानशाही नहीं चलेगी। तानशाह चले गए।
इस पर भाजपा पार्षद ने हंगामा शुरू कर दिया। विधायक अमिताभ बाजपेई ने पार्षदों से कहा कि तुम लोग नहीं सिखाओगे। तुम डैडी नहीं हो हमारे। विधायक ने कहा कि नानाराव पर शुल्क नहीं लगने देंगे। विधायक ने कहा हाउस में पूछेंगे। क्यों नहीं बता रहे हैं जनता का कितना पैसा लगा है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हाउस टैक्स को लेकर भी हंगामा हुआ। भाजपा के वरिष्ठ पार्षद नवीन पंडित सैकड़ों घरों की चाभी लेकर सदन पहुंचे। उन्होंने हंगामा करते हुए कहा की हाउस टैक्स सर्वे गलत तरीके से किया गया है।
सर्वे करने वालों ने लोगों से पैसा लेकर हाउस टैक्स का सर्वे ठीक तरह से नहीं किया गया। सपा पार्षद ने भी हाउस टैक्स में गड़बड़ी की जांच की बात कही। कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद कमल शुक्ल बेबी ने कहा की पिछले सदन की कार्यवाही पर ही अभी तक अमल नहीं किया गया है। इस पर महापौर ने कहा कि सोते रहते हो तो कैसे पता चलेगा कि क्या कार्यवाही हुई या नहीं। कांग्रेस पार्षद हाजी सुहैल अहमद ने सदन में कहा की हाउस टैक्स सर्वे पूरी तरह से गलत किया गया है। ऐसे में कानपुर के लोग बेहद परेशान हैं।
इस सर्वे को रद किया जाना चाहिए। भाजपा पार्षद दल नेता सत्येंद्र मिश्र ने भी कहा की ये कानपुर के हर घर की पीड़ा है। सदन की कार्यवाही में शहर को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। नानाराव पार्क पर एंट्री फीस वसूले जाने को लेकर सदन में प्रस्ताव रखा जाएगा। जिस पर सपा पार्षद हंगामा कर सकते हैं। एंट्री फीस का प्रस्ताव कार्यकारिणी में हंगामे के बाद पास कर दिया गया था। नानाराव पार्क में आने वालों से 10 रुपए प्रति व्यक्ति एंट्री फीस लगाए जाने को लेकर सपा मुखर है।
वो इस मामले में लगातार विरोध कर रही है। क्षेत्रीय विधायक अमिताभ बाजपेयी, पार्षद अभिषेक गुप्ता मोनू, अमित मेहरोत्रा ने भी पार्क में आने वालों के साथ पार्क में ही प्रदर्शन किया था और लोगों के साथ विरेाध भी दर्ज कराया था। नगर निगम सदन में हाउस टैक्स में 10 परसेंट छूट भी मिल सकती है। हाउस टैक्स बिलों में गड़बड़ी को लेकर टैक्स कलेक्शन कम हुआ। ऐसे में 1 महीने के लिए करंट बिल के हाउस टैक्स में 10 परसेंट की छूट का प्रस्ताव रखा जाएगा। आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए भी ये फैसला अहम माना जा रहा है।
ये प्रस्ताव भी रखे जाएंगे
सीसामऊ स्थित वृद्धाश्रम और सामुदायिक केंद्र का संचालन इंद्रधनुष फाउंडेशन को दिए जाने।
नानाराव पार्क में एंट्री फीस वसूले जाने।
आजाद नगर स्थित चौराहे का नाम हनुमान मंदिर मौनीघाट चौराहा किए जाने।
फूलबाग पार्किंग के हैंडओवर संबंधित प्रस्ताव।
Next Story