उत्तर प्रदेश

खाकी पर भ्रष्टाचार का आरोप, आय से 44.23 लाख रुपये अधिक खर्च करने पर दरोगा पर FIR

jantaserishta.com
28 Nov 2026 3:19 PM IST
खाकी पर भ्रष्टाचार का आरोप, आय से 44.23 लाख रुपये अधिक खर्च करने पर दरोगा पर FIR
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

अब होगी पड़ताल.
रामपुर। आय से अधिक संपत्ति में एक दरोगा के फंसने का मामला सामने आया है। रामपुर की बिलासपुर कोतवाली में तैनाती के दौरान तत्कालीन उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी की कमाई और खर्च का हिसाब खुला तो आंकड़ों ने जांच एजेंसी को भी चौंका दिया। वैध स्रोतों से हुई कमाई 1.50 करोड़ रुपये थी, लेकिन संपत्ति जुटाने और भरण-पोषण पर खर्च 1.95 करोड़ रुपये से अधिक कर दिया गया।
आखिर कमाई से 44.23 लाख रुपये ज्यादा कहां से आए। इस सवाल का संतोषजनक जवाब दरोगा नहीं दे सके। जिस पर इंस्पेक्टर विजिलेंस अंगद सिंह की तहरीर पर गुरुवार को बरेली में केस दर्ज किया गया है। पिछले साल तीन नवंबर को उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी के संबंध में उत्तर प्रदेश शासन को एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ था। जिसके बाद शासन के सतर्कता अनुभाग-4 के निर्देश पर बिलासपुर में तैनात तत्कालीन उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच कराई गई थी।
जांच में निर्धारित अवधि के दौरान उनकी ज्ञात और वैध स्रोतों से कुल आय 1,50,81,451 रुपये आंकी गई। इसके मुकाबले संपत्तियों के अर्जन और भरण-पोषण पर 1,95,05,419 रुपये खर्च किए गए। यानी आय से 44,23,968 रुपये अधिक खर्च का हिसाब सामने आया। जांच का अहम पहलू यह रहा कि आय और खर्च के बीच इतनी बड़ी खाई होने के बावजूद तत्कालीन दरोगा अतिरिक्त रकम का स्रोत नहीं बता सके। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
खाकी की वर्दी पहनकर कानून का इकबाल बुलंद करने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, उन्हीं में से कुछ कंधे भ्रष्टाचार, वसूली और अपराध के बोझ से झुकते नजर आ रहे हैं। कहीं मुकदमे से नाम निकालने के नाम पर रिश्वतखोरी, कहीं दुष्कर्म पीड़िता के इंसाफ का सौदा, कहीं रुपये लेकर आरोपी को छोड़ने का खेल तो कहीं घूसखोरी छिपाने के लिए फर्जी एनकाउंटर की साजिश।
रामपुर में खाकी पर दाग लगाने वाले ऐसे मामले एक-दो नहीं, बल्कि भ्रष्ट पुलिसिंग की पूरी फेहरिस्त बयां कर रहे हैं। एंटी करप्शन टीम की गिरफ्त में आते दरोगा हों या जांच में दोषी पाए गए दर्जनों पुलिसकर्मी, हर खुलासा महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जनता की सुरक्षा और इंसाफ की जिम्मेदारी संभालने वाली खाकी में आखिर वर्दी की आड़ में वसूली और अपराध का यह खेल कब तक चलता रहेगा।
दरोगा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप बिलासपुर कोतवाली में तैनाती के दौरान हुआ था। करीब डेढ़ महीने पहले उनका तबादला संभल जिले में हो गया। अब केस दर्ज होने के बाद विवेचना में इस बात की पड़ताल होगी कि आय से अधिक खर्च की गई रकम कहां से आई, किन संपत्तियों में निवेश किया गया और इस पूरे मामले में कौन-कौन से वित्तीय लेनदेन हुए।
वर्ष 2025 में शिकायत और लापरवाही के आधार पर 66 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। इनमें 42 पुलिसकर्मी निलंबित किए गए, जबकि 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था।
तत्कालीन एसपी शगुन गौतम और उनकी टीम से जुड़ा कथित फर्जी मुठभेड़ मामला भी रहा। मुरादाबाद रेंज के तत्कालीन डीआईजी शलभ माथुर की जांच रिपोर्ट में तत्कालीन एसपी समेत कई पुलिसकर्मियों पर फर्जी मुठभेड़, साजिश और अवैध वसूली से जुड़े गंभीर आरोपों की पुष्टि किए जाने की बात सामने आई थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story