- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मऊ में Corona अलर्ट,...

Mauमऊ। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट जेएन-1 की दस्तक होते ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग संसाधनों के साथ ही दवाओं और जांच किट की व्यवस्था कर रहा है। जिले के चारों ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह सक्रिय हैं। जिला अस्पताल में लगा ऑक्सीजन टैंक भी 15 दिन पहले रिफिल हो चुका है। साथ ही जिले में 12 वेंटिलेटर हैं। इनमें से नौ चालू हालत में हैं और तीन खराब हो चुके हैं। जिले में कोरोना मरीजों को ऑक्सीजन मुहैया कराने के लिए चार ऑक्सीजन प्लांट और एक ऑक्सीजन टैंक लगाया गया है। ताकि ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौतों को रोका जा सके। कोरोना महामारी के दौरान जिले के एकमात्र निजी ऑक्सीजन प्लांट से सरकारी और निजी अस्पतालों को ऑक्सीजन मुहैया कराई गई थी।
कोरोना के दौरान अचानक ऑक्सीजन की मांग बढ़ने से मांग के अनुरूप उत्पादन नहीं हो पा रहा था। इस कारण बड़ी संख्या में लोगों की ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई थी। भविष्य में ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौतों को रोकने के लिए शहर के परदहां सीएचसी, जिला महिला अस्पताल, मुहम्मदाबाद सीएचसी और तरड़ियांव स्थित 100 बेड के अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए। इन जगहों पर लगाए गए सभी ऑक्सीजन प्लांट काम कर रहे हैं।





