- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मिशन 2024 की तैयारी...
उत्तर प्रदेश
मिशन 2024 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, यूपी में 6 कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों का जल्द कर सकती है ऐलान
Shantanu Roy
23 Aug 2022 12:21 PM GMT

x
बड़ी खबर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अब अपने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी शुरु कर दी है। जिसके चलते कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विशेष रणनीति बनाई गई है। इस रणनीति के तहत मिशन-2024 को देखते हुए कांग्रेस अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान करने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ 6 कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों के भी नामों का ऐलान कर सकती है। कांग्रेस मिशन-2024 से पहले देश के सबसे बड़े सूबे और 80 लोकसभा सीट वाले उत्तर प्रदेश में एक मजबूत संगठन खड़ा करने की कवायद में जुट गई है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव-2022 में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद से अबतक कांग्रेस ने अपने नए प्रदेश अध्य़क्ष का ऐलान नहीं किया था। लेकिन अब लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए कांग्रेस ने सियासी और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर इस बार एक विशेष रणनीति बनाई है। जिसके तहत करीब 5 माह बाद कांग्रेस अब जल्द ही यूपी में अपने नये प्रदेश अध्यक्ष के साथ 6 कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर सकती है।
कांग्रेस ने मिशन-2024 तहत बनाया नया फॉर्मूला
कांग्रेस मिशन-2024 से पहले देश के सबसे बड़े सूबे और 80 लोकसभा सीट वाले उत्तर प्रदेश में एक मजबूत संगठन खड़ा करने की कवायद में जुट गई है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी को प्रदेश के हर जिले, ब्लॉक और गांव के साथ हर घर तक मजबूत करने के लिये एक नये फॉर्मूले पर काम कर रही है। जिसके तहत कांग्रेस यहां पहले ही यूपी में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए अवध, पूर्वांचल, प्रयाग, पश्चिम, ब्रज और बुंदेलखंड जैसे 6 जोन में बांट चुकी है, तो वहीं अब कांग्रेस जल्द ही प्रदेश के सियासी और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने नये प्रदेश अध्यक्ष के साथ हर एक जोन में एक कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष के नामों का भी ऐलान कर सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुन सकते है यह नाम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा और फैजाबाद-अयोध्या के पूर्व सांसद निर्मल खत्री का नाम सबसे आगे आ रहा है। इसके अलावा कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश उपाध्यक्ष और महराजगंज के फरेंदा से विधायक वीरेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व विधायक अजय राय, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, डाली शर्मा और योगेश दीक्षित को कांग्रेस का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष चुना जा सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से भाग रहे है नेता
कांग्रेस हाईकमान उत्तर प्रदेश में इन दिनो एक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और 6 कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिये कई बड़े नेताओं के नाम पर लगातार मंथन कर रहा है। लेकिन इस दौरान यूपी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी और छत्तीसगढ़ के प्रभारी पीएल पुनिया जैसे दिग्गज नेता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से भागते नजर आ रहे है। इन नेताओं ने कांग्रेस हाईकमान से भी ये जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया है। जिसके पीछे सबसे बड़ा कारण उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के हर फैसले और कार्यक्रम में प्रभारी प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह का जरूरत से ज्यादा दखल और दबदबा बताया जा रहा है।
Next Story