उत्तर प्रदेश

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आते ही बढ़ी चिंता

Ratna Netam
26 Aug 2026 2:21 PM IST
मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आते ही बढ़ी चिंता
x
मुरादबाद : उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। मुरादाबाद जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। डॉक्टर को तेज बुखार, जुकाम और कमजोरी की शिकायत के बाद जांच कराई गई थी, जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद के आशियाना कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय डॉक्टर की तबीयत कुछ दिनों पहले खराब हुई थी। उन्हें तेज बुखार के साथ सर्दी-जुकाम और शरीर में कमजोरी महसूस हो रही थी। इसके बाद डॉक्टर की जांच कराई गई। शुरुआती जांच में संक्रमण की आशंका के बाद आरटीपीसीआर टेस्ट कराया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
डॉक्टर का इलाज शुरू
स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद संक्रमित डॉक्टर का इलाज शुरू कर दिया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें एंटीवायरल दवा टेमिफ्लू दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, स्वाइन फ्लू के मरीजों में समय पर इलाज शुरू करना बेहद जरूरी होता है, ताकि संक्रमण को गंभीर होने से रोका जा सके।
डॉक्टर के संपर्क में रहने वाले परिवार के सदस्यों को भी एहतियात के तौर पर दवा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रहा है, जिससे संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता
दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच मुरादाबाद में पहला केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अस्पतालों को फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
क्या है स्वाइन फ्लू?
स्वाइन फ्लू को H1N1 इन्फ्लुएंजा वायरस संक्रमण के नाम से भी जाना जाता है। यह एक संक्रामक बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या संपर्क में आने से फैल सकती है। इसके लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे दिखाई दे सकते हैं, लेकिन कुछ मामलों में यह गंभीर रूप ले सकता है।
इस बीमारी में आमतौर पर तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द, शरीर में दर्द, सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे मरीजों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
48 घंटे के अंदर इलाज जरूरी
डॉक्टरों के अनुसार, स्वाइन फ्लू के लक्षण सामने आने के बाद शुरुआती समय में इलाज शुरू करना ज्यादा प्रभावी रहता है। बुखार आने के शुरुआती 48 घंटे के अंदर एंटीवायरल दवा देने से मरीज को फायदा मिल सकता है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतें, हाथों की साफ-सफाई रखें और फ्लू जैसे लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से संपर्क करें।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से ज्यादातर मरीज ठीक हो जाते हैं।
मुरादाबाद में सामने आए इस पहले मामले के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। आने वाले दिनों में संदिग्ध मरीजों की जांच और संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे।
Next Story