उत्तर प्रदेश

Muzaffarnagar; में बवाल, संजीव बालियान के आवास पर जुटे लोग

Ratna Netam
27 July 2026 2:36 PM IST
Muzaffarnagar; में बवाल, संजीव बालियान के आवास पर जुटे लोग
x

उत्तर प्रदेश : मुजफ्फरनगर में रविवार देर रात पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर हंगामा हो गया। नई मंडी थाना क्षेत्र की ए-टू-जेड कॉलोनी के रहने वाले अमित बाना ने डॉ. बालियान के सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और उनकी कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में अमित बाना अपने परिवार और कॉलोनी के लोगों के साथ पूर्व मंत्री के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलने के बाद नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि, देर रात तक मामला शांत नहीं हो सका और प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

अमित बाना के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ए-टू-जेड कॉलोनी में उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी थी। अमित का कहना है कि वह मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे, तभी सिविल ड्रेस में दो युवक वहां पहुंचे।

अमित ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने बिना किसी विवाद के उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और अचानक हमला कर दिया। उनका कहना है कि एक युवक ने बेसबॉल के डंडे से उन पर वार किया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद दोनों युवकों ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ की।

पीड़ित का आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक सीधे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के अंदर चले गए। अमित बाना ने आरोप लगाया कि दोनों युवक डॉ. बालियान के सुरक्षाकर्मी थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अमित के भाई डॉ. ललित बाना और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आसपास के कॉलोनीवासी भी एकत्र हो गए। पीड़ित पक्ष ने डॉ. संजीव बालियान से बाहर आकर घटना के संबंध में बातचीत करने की मांग की।

अमित बाना का कहना है कि उन्होंने पूर्व मंत्री से मामले पर बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सुबह आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद मामला और बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा।

देर रात करीब 12 बजे अमित बाना, डॉ. ललित बाना और दर्जनों कॉलोनीवासी डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मारपीट, तोड़फोड़ और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, मामले में दोनों पक्षों की बात और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Next Story