- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- CM योगी ने दी...

Sultanpur सुल्तानपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर जिले के विकास को नई गति देने के लिए बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कुल 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक, उपकरण और प्रशस्ति पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर जिले में विकास को गति देना और आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर में शुरू की गई इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को रोजगार, स्वरोजगार तथा आजीविका के नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास, उद्योग, श्रम एवं पशुपालन सहित कई विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभ प्रदान किया। मुख्यमंत्री के हाथों सहायता राशि, उपकरण और सम्मान पत्र प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत श्रीमती अनीता कुमारी को उनके नए आवास की चाबी मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से सौंपी। घर की चाबी मिलने पर उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत विद्युत सखी श्रीमती सीमा मौर्या और श्रीमती निधि वर्मा को थर्मल प्रिंटर प्रदान किए गए। इसके अलावा बीसी सखी श्रीमती संजू साहू को बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में सेल्फ हेल्प ग्रुप (यूपीएसआरएलएम) के अंतर्गत महिलाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने श्रीमती साधना देवी और नजमा सहित समूह से जुड़ी महिलाओं को 409 स्वयं सहायता समूहों के लिए 6 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। इस सहायता से समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के विकास, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विकास परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।सुल्तानपुर में 99 परियोजनाओं की सौगात मिलने से जिले के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





