उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने मुरादाबाद में विकास योजनाओं का ऐलान

Saba Naaz
30 Jun 2026 8:42 PM IST
सीएम योगी ने मुरादाबाद में विकास योजनाओं का ऐलान
x

मुरादाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद को 365 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने नगर निगम, मुरादाबाद नगर, देहात और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच “बाबरी वाली” है, जो समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का काम करती है। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या का अभूतपूर्व विकास किया है और अब वहां किसी सहयोग की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र के विकास का है। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर धार्मिक आस्था के प्रति रुख बदलने की भी टिप्पणी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मुरादाबाद दंगे और अराजकता के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह स्मार्ट सिटी और एक्सपोर्ट हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा” की स्थिति बनी है। सीएम योगी ने कई योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। साथ ही 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों के जरिए करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरु जम्भेश्वर मंदिर कॉरिडोर के विकास की घोषणा की। साथ ही लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर “दाऊ दयाल खन्ना नगर” रखने का ऐलान किया। उन्होंने व्यापारियों को 10 लाख रुपये तक के बीमा कवर की भी जानकारी दी। सीएम योगी ने भामाशाह जयंती पर उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनका जीवन राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आवंटन पत्र और चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story