उत्तर प्रदेश

130 रुपये की शराब बिहार में दोगुने दाम पर बेचने का दावा, सारनाथ में 74 पेटी बरामद, दो गिरफ्तार

nidhi
14 Oct 2026 12:53 PM IST
130 रुपये की शराब बिहार में दोगुने दाम पर बेचने का दावा, सारनाथ में 74 पेटी बरामद, दो गिरफ्तार
x
बिहार सप्लाई से पहले सारनाथ में पकड़ी गई 639 लीटर शराब
वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र की अनुपम नगर कॉलोनी में पुलिस ने 74 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसकी कुल मात्रा 639.36 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, शराब बिहार ले जाने के लिए वाहन में मौसंबी की पेटियों के नीचे छिपाई गई थी। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणपत नगर कॉलोनी निवासी राकेश गुप्ता और हड़हा सराय चौक निवासी राहुल सेठ के रूप में बताई। पुलिस का कहना है कि दोनों पहले भी शराब बिहार पहुँचा चुके हैं। पंचकोशी चौराहे पर नवरात्र-दशहरा मेला ड्यूटी के दौरान वाहनों की जाँच चल रही थी। इसी बीच एसओजी-दो की टीम को मुखबिर से शराब बिहार ले जाने की सूचना मिली। इसके आधार पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब के साथ वाहन भी जब्त किया है।
जाँच में शराब वाराणसी से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद ऑफिसर्स च्वाइस ब्रांड की शराब उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए अनुमन्य थी। इसे बिहार में दोगुने दाम पर बेचने की बात सामने आई है। अब पुलिस शराब बेचने वाले लाइसेंसधारियों और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। वाहन किराये पर लिया गया था। मामले में खरीद से लेकर परिवहन तक की कड़ियों की जाँच जारी है।
Next Story