उत्तर प्रदेश

Chilkana पुलिस की कार्रवाई, जिंदा बछड़ा और गोकशी के उपकरण बरामद

Ratna Netam
11 July 2026 5:03 PM IST
Chilkana   पुलिस की कार्रवाई, जिंदा बछड़ा और गोकशी के उपकरण बरामद
x

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर जनपद की थाना चिलकाना पुलिस ने गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और एक जिंदा गोवंशीय बछड़ा बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके से फरार हुए अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, बीती रात थाना चिलकाना पुलिस ग्राम नल्हेड़ा चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चौरा कला के सरकारी स्कूल के पास स्थित ईख के खेत में कुछ लोग एक गोवंशीय बछड़े को गोकशी के उद्देश्य से लेकर गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम ग्राम नगला से चौरा कला सरकारी स्कूल के पास ईख के खेत में पहुंची तो वहां कुछ लोग एक बछड़े को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए मौके से अब्दुल वहाब पुत्र लियाकत निवासी ग्राम दुमझेड़ी थाना चिलकाना, सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।

इस दौरान एक महिला और एक अन्य पुरुष मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया। बाद में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार महिला आरोपी शहनाज बानो पत्नी अब्दुल वहाब निवासी ग्राम दुमझेड़ी को कच्चा-पक्का मार्ग दुमझेड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से गोकशी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें लकड़ी का गुटका, लोहे का तराजू, दो कुल्हाड़ी, दो छुरे, रस्सी, दो दांव, लोहे के बाट और एक प्लास्टिक का कट्टा शामिल हैं। इसके अलावा एक जिंदा गोवंशीय बछड़ा भी पुलिस ने बरामद कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में गोकशी समेत अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना चिलकाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Next Story