- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- बच्चे को ज़जीरो से...
पूरनपुर: जिले में किशोर से क्रूरता सामने आई है। एक किशोर को ठेले पर चाट-पकौड़ी बेचने के लिए जंजीर से बांध दिया गया। इसका वीडियो वायरल हुआ तो चर्चा होने लगी। बहरहाल ग्रामीणों का कहना है कि यह बच्चा लोगों के साथ ज्यादा शरारत करता है। इसीलिए ऐसी सजा दी जा रही है। यह भी कहा कि उसके पिता शराबी हैं। वही उसे बांध देता है।
वायरल वीडियो के अनुसार पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव का 13 वर्षीय किशोर अपने पिता के साथ चाट-पकौड़ी का ठेला लगाता है। पूरे दिन किशोर जंजीरों से बंधा रहता है। लोगों ने बताया कि इसका पिता अधिक शराब पीता है। वही इसे जंजीर से बांधकर दुकान पर छोड़ जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो मौके पर पहुंची, किशोर जंजीरों से ताला लगाकर बंधा मिला। उसने बताया कि चाट-पकौड़ी बेचने के लिए उसे मजबूर किया जा रहा है। घुंघचाई थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच करा रहे हैं।
चाइल्ड हेल्प लाइन के सदस्य निर्भान सिंह ने बताया कि अगर कोई किशोर शैतान है। घर का काम नहीं करता है, तब भी उसे जंजीर से नहीं बांधा जा सकता है। मामला संज्ञान में आया है। मौके पर टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही किशोर के पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
वहीं घुघचाई थाना अध्यक्ष मदन मोहन चतुर्वेदी का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद मामले की जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि गांव के रहने वाले नन्हे का एक बेटा और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। पूछताछ के दौरान नन्हे ने बताया कि बेटा बिक्री के पैसों से जुआ खेलने चला जाता था। उसकी लत छुड़वाने के लिए वह मासूम के पैर में जंजीर बांध देता है।
Next Story