उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैथ लैब का किया उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा प्लेसमेंट का फ़ायदा

Admin Delhi 1
7 Jun 2022 7:49 AM GMT
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैथ लैब का किया उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा प्लेसमेंट का फ़ायदा
x

मथुरा न्यूज़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (चैरिटेबल हॉस्पिटल) में कैथ लैब का उद्घाटन किया। लैब का निर्माण रेल विकास निगम लिमिटेड के सहयोग से किया गया है। यह कैथ लैब एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर इंसर्शन और अन्य हृदय सम्बन्धी प्रक्रियाओं के संचालन में सहायक सिद्ध होगी। इस हॉस्पिटल में 100 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने मथुरा के श्रीबांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।

स्थ्य के क्षेत्र में हो रही हैं उच्च गुणवत्ता युक्त सेवाएं प्राप्त: इस अवसर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम पिछले 114 वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण के क्षेत्र में समाज को धर्मार्थ अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। मथुरा और ब्रज क्षेत्र के वासियों के लिए अत्यन्त सौभाग्य का विषय है कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम हॉस्पिटल के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता युक्त सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के साथ इसी चैरिटेबल हॉस्पिटल के शारदा ब्लॉक के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का उन्हें शुभ अवसर प्राप्त हुआ था।

कोरोना महामारी ने हम सबकी क्षमता का परीक्षण किया: सीएम योगी ने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना ने हम सबकी क्षमता का परीक्षण किया और हम सबके सेवाभाव को भी बहुत गहनता से परखा। बहुत सारी संस्थाएं, जो सेवा के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य करती थीं, लेकिन उन्हें उतना महत्व नहीं मिल पाता था। कोरोना कालखण्ड में एक बार फिर से देश और दुनिया के सामने यह बात सामने आयी कि सेवाभाव से कार्य करने वाली कौन सी संस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में स्वास्थ्य की उत्तम सुविधाओं के लिए रामकृष्ण मिशन के चैरिटी हॉस्पिटल के क्षेत्र में अग्रणी नाम है।

दूसरी लहर सर्वाधिक भयावह रही: मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की अब तक चार लहरें आ चुकी हैं। इसमें दूसरी लहर सर्वाधिक भयावह थी। उस दौरान उन्होंने मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र का दौरा किया था। उस समय प्रशासन, कोरोना वॉरियर्स और हेल्थ वर्कर्स ने सेवाभाव का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने कोरोना का विश्व के अंदर सबसे बेहतरीन प्रबन्धन किया। जीवन और जीविका को कैसे बचाया जा सकता है, इसका उदाहरण भी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

किसी भी अस्पताल की प्रथम शर्त होती है स्वच्छता: योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रत्येक देशवासी स्वामी विवेकानन्द का पूरे श्रद्धाभाव के साथ स्मरण करता है। देश और धर्म के प्रति विवेकानन्द की सेवाएं उन्हें महानता के शिखर तक ले जाती हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण के क्षेत्र में जो अद्भुत कार्य रामकृष्ण मिशन ने किया है, वह सराहनीय है। इसका उदाहरण रामकृष्ण मिशन का यह हॉस्पिटल प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी भी अस्पताल की प्रथम शर्त होती है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से वैश्विक स्तर पर स्वच्छता का संदेश दिया था। स्वच्छता का हमारे व्यक्तित्व पर भी प्रभाव पड़ता है। 300 बेड वाला रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल स्वच्छता, सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं और सेवाभाव से युक्त है।

5 लाख रुपए सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर: मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश में लोगों को 05 लाख रुपये सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। यह हॉस्पिटल भी आयुष्मान भारत की इम्पैनल्ड सूची में शामिल होना चाहिए। इसके लिए हॉस्पिटल प्रबन्धन व जिला प्रशासन को तैयारी करनी चाहिए। एक सामान्य व्यक्ति को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना सहायक साबित हो रही हैं।

इस कार्य में पूरा सहयोग प्रदान करेगी राज्य सरकार: योगी आदित्यनाथ आगे ने कहा कि चैरिटेबल हॉस्पिटल का उद्देश्य सस्ती और विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। इस हॉस्पिटल में नर्सिंग कॉलेज की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाना चाहिए, क्योंकि यहां पर 100 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट किया जा सकता है। यहां पैरामेडिकल कोर्स भी चलाए जा सकते हैं। राज्य सरकार इस कार्य में पूरा सहयोग प्रदान करेगी। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने मथुरा के श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।

Next Story