- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मुख्यमंत्री 22 जुलाई...
उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री 22 जुलाई को गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का करेंगे उद्घाटन
nidhi
17 July 2026 8:01 AM IST

x
गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर तैयार
Gorakhpur: शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाले गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और उससे जुड़े देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को इन दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी उद्घाटन होगा। लंबे समय से ट्रांसपोर्टनगर, महेवा, रुस्तमपुर, नहर रोड और देवरिया बाईपास क्षेत्र में जाम की समस्या झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को डीएम दीपक मीणा ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ फ्लाइओवर के साथ ही समारोह स्थल का भी निरीक्षण किया। बारिश के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग पर जीडीए कार्यालय से पहले स्थित एक मैरिज लान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उधर, कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने फ्लाईओवर के निर्माण के साथ ही उसके नीचे से भी आवागमन पूरी तरह सुचारु करने की तैयारी पूरी कर ली है। फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे लगी शटरिंग और निर्माण सामग्री हटा दी गई है, जिससे देवरिया बाईपास फोरलेन और सिक्सलेन फ्लाईओवर के नीचे से भी यातायात निर्बाध हो सकेगा।
अब फर्राटे के साथ शहर से बाहर हो जाएंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाना है। अभी तक पैडलेगंज से नौसढ़ तक पहुंचने में जाम के कारण कई बार एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता था। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह सफर काफी कम समय में पूरा हो सकेगा।
इससे न केवल शहर के भीतर यातायात सुगम होगा, बल्कि लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी बिना रुकावट बेहतर मार्ग मिलेगा। वहीं देवरिया बाईपास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बनाया गया फोरलेन फ्लाईओवर इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
इससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले यातायात का दबाव विभाजित होगा और चौराहों पर जाम की स्थिति काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। भारी वाहनों और लंबी दूरी की बसों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
एलईडी लाइटें बढ़ा रहीं खूबसूरती, चित्रों में झलक रही विरासत
यह फ्लाईओवर केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनता नजर आ रहा है। सिक्सलेन फ्लाईओवर के स्ट्रीट लाइट पोल पर लगाई गई तिरंगा थीम की एलईडी लाइटें रात में पूरे फ्लाईओवर को आकर्षक स्वरूप दे रही हैं। वहीं, फ्लाईओवर के खंभों पर बनाई गई चित्रकारी में गोरक्षनगरी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक दिखाई देती है, जो राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
इसे भी जानिए
सिक्सलेन फ्लाईओवर की लंबाई: 2.658 किलोमीटर
सड़क की चौड़ाई: छह लेन (3×7.50 मीटर)
कुल लागत: 429.49 करोड़ रुपये
निर्माण प्रारंभ: फरवरी 2023
निर्धारित पूर्णता अवधि: जनवरी 2026
22 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण
नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी होगा उद्घाटन
पैडलेगंज-नौसढ़ मार्ग पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत, क्षेत्रीय और अंतरजनपदीय यातायात होगा तेज
Tagsगोरखपुरसिक्सलेन फ्लाईओवरसिक्स-लेन फ्लाईओवरमुख्यमंत्रीउद्घाटनलोकार्पण22 जुलाईउत्तर प्रदेशयूपी समाचारलखनऊअयोध्यावाराणसीपूर्वांचलसड़क परियोजनाइंफ्रास्ट्रक्चरयातायातGorakhpurSix-Lane FlyoverChief Ministerinaugurationlaunch22 JulyUttar PradeshUP NewsLucknowAyodhyaVaranasiPurvanchalroad projectinfrastructuretraffic
Next Story





