उत्तर प्रदेश

सहारनपुर आएंगे आज मुख्यमंत्री

Shreya
14 July 2023 5:15 AM GMT
सहारनपुर आएंगे आज मुख्यमंत्री
x

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार दोपहर एक बजे सहारनपुर आ रहे है। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री सहारनपुर में बाढ प्रभावित और जल भराव की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ राहत शिविर का निरीक्षण करेंगे। वह करीब दो घंटे नगर में रूकेंगे।

जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र के मुताबिक मुख्यमंत्री हवाई जहाज से एक बजकर 20 मिनट पर सरसावा हवाई अड्डे पर उतरेंगे। जहां से हैलीकाप्टर से वह पुलिस लाइन पहुंचेगे। मुख्यमंत्री सरसावा से सहारनपुर आने-जाने के दौरान जल भराव और बाढ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पुलिस लाइन से वह जैन कालेज में बने बाढ प्रभावितों के लिए बनाए गए शिविर में जाएंगे। जहां वह शिविरार्थियोें से बातचीत कर नुकसान का जायजा लेंगे और वहां की व्यवस्था देखेंगे। इस शिविर में करीब 110 लोग रूके हुए है।

मेयर डा. अजय सिंह के मुताबिक सहारनपुर नगर में पांवधोई नदी और ढमोला नदी में आई बाढ से नगर की 13-14 कालोनियों मे जल भराव हो गया था। वहां से ढाई हजार लोगों को निकालकर 13 शिविरों में रखा गया। बृहस्पतिवार को स्थिति कुछ सामान्य होने पर कुछ लोग शिविरों से अपने घरों को लौट गए।

जिले में पांच दिनों की भारी बारिश के दौरान करीब पांच-छह लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई और नागल क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला सरला देवी की उनका कच्चा मकान जमींदोज हो जाने से मौत हो गई थी। बेहट क्षेत्र में जल भराव से हजारों किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। यमुना नदी के किनारे के कई गांवों में भी जल भराव रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के कांवड मार्गों का भी अवलोकन करेंगे। वह पुलिस लाइन में जन प्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासिनक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद करीब तीन बजे हैलीकाप्टर से सरसावा और वहां से हवाई जहाज से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के सहारनपुर दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा के कडे बंदोबस्त रहेंगे। अफसर आज पूरे दिन उनके दौरे की व्यवस्थाओं में व्यस्त रहे।

Next Story