उत्तर प्रदेश

चौधरी चरण सिंह का अपमान सहन नहीं करेंगे, प्रशासन को दिया 5 दिन का समय

Admin Delhi 1
1 March 2023 2:19 PM GMT
चौधरी चरण सिंह का अपमान सहन नहीं करेंगे, प्रशासन को दिया 5 दिन का समय
x

बुढ़ाना: ब्लाक प्रमुख कार्यालय का ताला तोड़े जाने से नाराज रालोद व सपा नेताओं ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार तहसील परिसर पर महापंचायत का आयोजन किया। इस दौरान वक्ताओं ने भाजपा नेताओं, केंद्रीय मंत्री व प्रशासन पर जमकर कटाक्ष किए। एक ग्रामीण ने तो मंच से भाजपा नेताओं को स्टार्टर चोर भी बताया।

तहसील परिसर में सुबह करीब 11 बजे से ही ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों से रालोद, सपा व आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र होने लगे। महापंचायत में रालोद जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी व भीम आर्मी के अफजाल सिद्दीकी सैंकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। इस दौरान कई स्थानीय ग्रामीणों व नेताओ ने भाजपा नेताओं के विरुद्ध कटाक्ष किये और उन्हें स्टार्टर चोर भी बताया।

महापंचायत में पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह किसानों के ही नही पूरे देश के नेता थे। उनकी तस्वीर से अपमान का प्रयास होना व नारी शक्ति ब्लॉक प्रमुख पाल्लो देवी के कार्यालय का ताला तोडऩा भाजपा के दावों की पोल खोल रहा है। किसान नेता का अपमान व नारी के सम्मान को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नही किया जाएगा।

रालोद के जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने कहा कि भाजपा की सरकार में गुंड़ाराज कायम हो गया है। वह तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक आंदोलन करेंगे।

सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के कार्यालय का ताला तोड़कर किसान नेता का अपमान करना बहुत बड़ा अपराध है। जिसे पार्टी बर्दाश्त नही करेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनीचाहिए।

रालोद प्रदेश संगठन मंत्री अजीत राठी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख को जनता ने वोट देकर जिताया है। उनके केवल वित्तीय अधिकार सीज हुए हैं। क्षेत्र की जनता द्वारा चुनी गई ब्लॉक प्रमुख का अपमान असहनीय है।

शाम को पंचायत के बीच पहुंचे एसडीएम अरूण कुमार व सीओ विनय गौतम ने बताया कि चूंकि यह मामला बीडीओ कार्यालय से सम्बंधित है, डीएम की ओर से इस प्रकरण की जांच बीडीओ को सौंपी गई है। बीडीओ तीन दिन में जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगे।

रालोद के जिलाध्यक्ष संदीप मलिक व सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने अन्य नेताओं से मंत्रणा कर जांच कर कार्रवाई को पांच दिन का समय दिया। रालोद जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्रवाई न होने पर जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

महापंचायत की अध्यक्षता चौ महिपाल सिंह व संचालन बालकिशोर त्यागी ने किया। पूर्व विधायक नवाजिश आलम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक, प्रदेश संगठन मंत्री अजीत राठी, सहकारी समिति के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत, फुगाना के पूर्व प्रधान मोनू मलिक, अनिल बालियान, प्रभात तोमर, सुबोध त्यागी, धर्मेंद्र तोमर, शकुल सहरावत, राजन जावला आदि मौजूद रहे।

Next Story