उत्तर प्रदेश

चौधरी राजपाल सिंह जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर दुबारे चुने गए

Shreya
23 Jun 2023 1:53 PM GMT
चौधरी राजपाल सिंह जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर दुबारे चुने गए
x

सहारनपुर (देवबंद)। सहकारी क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता चौधरी राजपाल सिंह शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता राघव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए चौधरी राजपाल सिंह का एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल हुआ था। इसलिए निर्विरोध ही उनका निर्वाचन हो गया है।

इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर डा. महेन्द्र सैनी का भी अकेला ही नामांकन पत्र प्राप्त हुआ था। वह भी निर्विरोध चुन लिए गए। ध्यान रहे पांच वर्ष पूर्व भी चौधरी राजपाल सिंह अध्यक्ष और डा. महेंद्र सैनी उपाध्यक्ष चुने गए थे। इस बार जिला सहकारी बैंक के सभी नौ संचालक निर्विरोध चुने गए हैं और दिलचस्प बात यह है कि सभी भाजपा के हैं। इस बार दस संचालक नए आए हैं जबकि एक संचालक विनोद गुप्ता की जगह उनकी पत्नी सुधा गुप्ता चुनी गई हैं।14 संचालकों में चार राजपूत, पांच गुर्जर, दो पंड़ित, एक बाल्मिकी, एक सैनी और एक वैश्य बिरादरी से हैं। उपाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी भाजपा के जिलाध्यक्ष भी हैं। संचालक संदीप शर्मा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पद पर भी हैं। चौधरी राजपाल सिंह पूर्व में भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

उन्होंने भाजपा के टिकट पर 2012 में देवबंद विधान सभा सीट से चुनाव भी लड़ा था। चौधरी राजपाल सिंह गुर्जर बिरादरी से हैं। वह प्रदेश भाजपाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के करीबी माने जाते हैं। आज उनके जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर जिला सहकारी बैंक कार्यालय प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में मेयर डा. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, गंगोह के विधायक चौधरी कीरत सिंह, भाजपा नेता विनोद गुप्ता, अशोक गुप्ता, विनोद प्रकाश गुप्ता, दून वैली स्कूल देवबंद के अध्यक्ष राजकिशोर गुप्ता आदि सैकड़ों प्रमुख लोगों ने बधाई दी।

कारों के एक लंबे काफिलें के रूप में सहारनपुर से देवबंद स्थित अपने आवास पर पहुंचने के दौरान रास्ते में जगह-जगह चौधरी राजपाल सिंह और डा. महेंद्र सैनी का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। बैंक संचालकों में सुरेश चंद्र, सत्यपाल सिंह, चरण सिंह, यशवंत सिंह, वीरेंद्र कुमार, सचिन कुमार, राजेश कुमार, जयवरूण शर्मा, संदीप शर्मा, निर्दोष कुमार, श्रीमती रजनीश एवं सुधा गुप्ता आदि शामिल हैं।

Next Story