- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- चंद्रशेखर आजाद ने कहा-...
उत्तर प्रदेश
चंद्रशेखर आजाद ने कहा- जेल की धमकी से नहीं डरेंगे, आंदोलन जारी रहेगा
SHIDDHANT
25 Sept 2025 9:06 PM IST

x
Meerut मेरठ: उत्तर प्रदेश में नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह जेल की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उनके पास जेल जाने का अनुभव है। किसी भी कीमत पर झुकूंगा नहीं। मैं इसी मिट्टी में पैदा हुआ हूं। वे गुर्जर, मुस्लिम, किसानों और युवाओं के साथ खड़े हैं और उनकी आवाज उठाते रहेंगे। सांसद चंद्रशेखर आजाद गुरुवार को मिहिरभोज विवाद में जेल गए गुर्जर नेताओं से मुलाकात करने के लिए मेरठ जेल पहुंचे थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि हर परिस्थिति में हम सब उनके संघर्ष में साथ खड़े रहेंगे। हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि जब तक झूठे मुकदमे वापस नहीं होंगे, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि रविंद्र कुमार भाटी और पार्टी नेताओं व गुर्जर समाज को जानबूझकर निशाना बनाया गया है। इस अन्याय को बहुजन समाज कभी नहीं भूलेगा और हम डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने दावा किया कि एक अधिकारी ने उन्हें सचेत किया है कि अगर वे मुस्लिम और गुर्जरों की आवाज बनेंगे तो उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों में सजा करा देंगे। सांसद ने कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते हैं। यूपी सरकार में पूर्व मंत्री रहे आजम खान से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि मुलाकात तो नहीं हुई है, लेकिन फोन पर बातचीत हुई है। आजाद ने कहा, "मेरे उनके साथ राजनीतिक रिश्ते नहीं, परिवारिक रिश्ते हैं। मैंने उनकी तबियत के बारे में पूछा था। मैंने उनसे कहा है कि जल्द उनसे मिलने के लिए आऊंगा। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं। जो अन्याय उनके साथ किया गया, वो अन्याय खत्म होना चाहिए।"
उन्होंने यूपी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मेरठ क्रांतिकारियों की भूमि है और यहां एक बाबा आते हैं और कहते हैं कि यह मिनी पाकिस्तान है और सरकार उन्हें पुरस्कार देती है। इधर, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विपक्ष पर जातियों को आपस में भड़काने और समाज को बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गुर्जर, जाट, राजपूत और यादव आपस में भाई हैं, लेकिन विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं होने के कारण वह जातिगत विभाजन की साजिश रच रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहले क्राइम कैपिटल के रूप में कुख्यात था, लेकिन अब योगी सरकार के नेतृत्व में इस क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को यह प्रगति रास नहीं आ रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देशहित में काम कर रही है और समाज को आपस में लड़ाने की साजिशों की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं होते, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा होते हैं। सपा नेता आजम खान के जेल से रिहा होने पर मंत्री ने कहा कि आजम खान बड़े राजनीतिज्ञ हैं, लेकिन उनकी रिहाई के समय सपा का कोई जिम्मेदार नेता उन्हें रिसीव करने नहीं गया। चंद्रशेखर आजाद के मेरठ जेल जाने पर डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि वे राजनीतिक व्यक्ति हैं और उनका अपना एजेंडा हो सकता है, लेकिन सरकार का एजेंडा स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार समाज को जोड़ने और विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष षड्यंत्र रचकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।
Tagsचंद्रशेखर आजादमेरठ जेलगुर्जर आंदोलनयूपी सरकारविपक्षआजम खानजातिगत विवादडॉ. सोमेंद्र तोमरजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





