- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Chandauli: चंदौली में...
Chandauli: चंदौली में बड़ा रेल हादसा टला, ट्रेन की रफ्तार धीमी थी

चंदौली: देर रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब आनंद विहार से पुरी जा रही 12876 नंदन कानन एक्सप्रेस की स्लीपर कोच S4 की कपलिंग टूट गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। यह घटना पीडीडीयू जंक्शन (पूर्ववर्ती मुगलसराय) से कुछ किलोमीटर आगे हुई। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।
इस ट्रेन का निर्धारित समय शाम 6:25 बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन पहुंचने का था, लेकिन सोमवार को यह करीब 3 घंटे की देरी से आई। रात 9:30 बजे प्लेटफार्म नंबर 1 से रवाना होने के बाद ट्रेन स्टेशन से 6 किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी कि स्लीपर कोच S4 की कपलिंग टूट गई।
इससे इंजन समेत ट्रेन के छह कोच लगभग 200 मीटर आगे चले गए, जबकि एसी कोच, पेंट्रीकार, गार्ड बोगी समेत 15 कोच पीछे रह गए। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है।
ट्रेन मैनेजर ने तुरंत चालक को जानकारी दी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया। अफसरों को भी घटना की सूचना दी गई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेन के दोनों हिस्सों को वापस पीडीडीयू जंक्शन लाया गया। वहां टूटी कपलिंग वाले S4 कोच को अलग किया गया, और बाकी बचे हिस्सों को जोड़कर रात 12:30 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
स्टेशन अधीक्षक एस.के. सिंह ने बताया कि कपलिंग टूटने की वजह से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई कर इसे ठीक कर दिया गया। इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, हालांकि रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





