- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Chandauli: दूल्हे की...
Chandauli: दूल्हे की हल्दी रस्म में प्रेमिका ने मचाया बवाल, मामला थाने पहुंचा

चंदौली: जिले के इलिया थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक की हल्दी रस्म के दौरान उसकी प्रेमिका ने घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बलिया की रहने वाली युवती ने युवक पर प्रेम संबंध और शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, युवक गुजरात की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई थी। युवती का दावा है कि दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध थे और युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए थे। युवती ने यह भी बताया कि उसे दो बार गर्भपात कराना पड़ा।
हाल ही में युवक अपने गांव लौट आया और युवती से संपर्क तोड़ लिया। जब युवती को पता चला कि 1 मई को उसकी शादी तय है, तो वह प्रेमी के गांव पहुंच गई। वहां शादी की तैयारियां और हल्दी की रस्म चल रही थी, जिसे देखकर वह भड़क गई और मौके पर पुलिस बुला ली।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूरे मामले में समझौता कराने की कोशिश की। इस दौरान शादी वाली युवती के परिजन भी थाने पहुंच गए। काफी समझाइश के बाद युवक, दोनों युवतियों और उनके परिवारों के बीच समझौता हुआ, जिसके बाद मामला शांत हुआ और शादी की राह फिर से साफ हो सकी।





