- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- चंपत राय बेकसूर, संतों...

उत्तर प्रदेश: अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के समर्थन में संत समाज खुलकर सामने आ गया है। इस मामले में उनके इस्तीफे के बाद सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को अयोध्या संत मंडल की बैठक के बाद संतों ने संयुक्त प्रेस वार्ता में साफ कहा कि चंपत राय पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और उन्हें बिना जांच पूरी हुए दोषी नहीं माना जा सकता। संतों ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन और निर्माण में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
वैदेही भवन के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने कहा कि यह आरोप कुछ दिनों के बादल की तरह हैं, जो जल्द ही हट जाएंगे। उन्होंने चंपत राय को ईमानदार और समर्पित व्यक्ति बताया और कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप टिकने वाले नहीं हैं। संत रघवेश दास वेदांती ने ट्रस्ट से मांग की कि चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार न किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। राम कचहरी मंदिर के महंत शशिकांत दास ने भी कहा कि चंपत राय को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है और उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल चढ़ावा चोरी मामले की जांच जारी है और सभी की नजर एसआईटी रिपोर्ट पर टिकी हुई है। जांच पूरी होने तक इस विवाद को लेकर चर्चा जारी रहने की संभावना है।





