- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सावधान! ‘राजेश मिक्स...
उत्तर प्रदेश
सावधान! ‘राजेश मिक्स मसाला’ के एक बैच पर यूपी में बैन, लैब जांच में निकला असुरक्षित
Shantanu Roy
9 Oct 2026 4:41 PM IST

x
बड़ी खबर
Chandauli. चंदौली। अगर आपके घर में ‘राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)’ रखा है तो पैकेट का बैच नंबर जरूर जांच लें। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अमेठी में निर्मित इस मसाले के बैच/लॉट नंबर 03 की बिक्री पर पूरे उत्तर प्रदेश में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। प्रयोगशाला जांच में यह नमूना ‘असुरक्षित’ पाया गया, जिसके बाद शासन ने यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, इस मसाले का नमूना पहले कुशीनगर जिले से लिया गया था। जांच के बाद रिपोर्ट में इसे स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित निर्माता राजेश फूड्स एंड कंज्यूमर्स प्रा. लि., अमेठी को बाजार में मौजूद इस बैच के सभी पैकेट वापस लेने के निर्देश दिए हैं। विभाग की कार्रवाई के बाद अब इस विशेष बैच की बिक्री और वितरण पर पूरे प्रदेश में रोक रहेगी। हालांकि, कार्रवाई विशेष रूप से बैच/लॉट नंबर 03 को लेकर है, इसलिए अन्य बैचों के संबंध में यही निष्कर्ष लागू नहीं होता। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को प्रतिबंधित बैच की बिक्री नहीं करने तथा उपभोक्ताओं को पैकेट खरीदते समय ब्रांड के साथ बैच नंबर और लेबल भी जांचने की सलाह दी है।
Next Story





