उत्तर प्रदेश

कैबिनेट फैसला: गंगा किनारे मॉडल सड़क पर होगी हेलीपैड की सुविधा, ROB के कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

Kunti Dhruw
6 Jan 2022 5:31 PM GMT
कैबिनेट फैसला: गंगा किनारे मॉडल सड़क पर होगी हेलीपैड की सुविधा, ROB के कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
x
वाराणसी में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन और गंगा आरती के अवलोकन में सुगमता के लिए गंगा घाट के विपरीत दिशा में प्रस्तावित चार लेन माडल सड़क कई अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगा।

यूपी : वाराणसी में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन और गंगा आरती के अवलोकन में सुगमता के लिए गंगा घाट के विपरीत दिशा में प्रस्तावित चार लेन माडल सड़क कई अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस होगा। इस मॉडल सड़क के साथ हेलीपैड की सुविधा भी होगी। वीआईपी हेलीपैड पर सीधे हेलीकाप्टर से उतर कर ज्योतिर्लिंग दर्शन और गंगा आरती का अवलोकन कर सकेंगे।

मॉडल सड़क के साथ ग्रीनफील्ड भी बनेगा
प्रदेश कैबिनेट ने इस मॉडल सड़क के निर्माण तथा अन्य कार्यों के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। राजघाट पुल से रामनगर तक प्रस्तावित 8.15 किमी. लंबा यह मार्ग चार लेन का बनेगा। सड़क के साथ ग्रीन फील्ड भी प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए व्यय वित्त समिति द्वारा अनुमोदित लागत 237209.04 लाख के व्यय प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस मॉडल सड़क का निर्माण हो जाने पर गंगा नदी से सटे आबादी व खेती की भूमि को बाढ़ से बचाया भी जा सकेगा। परियोजना पर पांच लाख मानव कार्य दिवस के कारण रोजगार सृजन भी होगा। इससे नाविकों को रोजगार मिलेगा। सावन व भादो में आने वाले कांवरियों को भी सुविधा होगी। फूड प्लाजा, किड्स प्ले जोन आदि के विकसित होने से रोजगार तथा राजस्व में वृद्धि होगी।
रामनगर किला व शास्त्री जी की जन्मस्थली मार्ग बनेगा फोर लेन
इसके अलावा कैबिनेट ने वाराणसी व चंदौली जिले में मोहनसराय उपाध्याय नगर चकिया मार्ग के चैनेज संख्या 21.00 से 32.235 तक चार से छह लेन चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति को मंजूर कर दिया है। इसके लिए 32884.01 लाख रुपये के व्यय प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है। वाराणसी में ही पड़ाव रामनगर (टेंगरा मोड़) एनएच-7 का शेष भाग का चार लेन चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके लिए 19854.06 लाख के व्यय प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है। यह मार्ग पर्यटन के लिहाज से काफी अहम है। इसी मार्ग पर रामनगर किला तथा भारत के दूसरे प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जन्मस्थली है।
चंदौली का खनन परिपथ मार्ग भी बनेगा फोर लेन
चंदौली-सकलडीहा-सैदपुर मार्ग के चार लेन में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके लिए 49492.57 लाख के व्यय प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है। इस मार्ग को चंदौली के खनन परिपथ के रूप में चिन्हित किया गया है। आजमगढ़ जिले में स्टेट हाइवे प्रयागराज-जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग का चार लेन में चौड़ीक्रण कार्य लंबाई 60.885 किमी. की पुनरीक्षित प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति को अनुमोदित किया गया है। पुनरीक्षित लागत 66108.44 लाख के व्यय प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद ने अनुमोदित किया है।

लखनऊ को जाम से निजात दिलाने के लिए किसान पथ पर दो आरओबी
लखनऊ में उत्तर रेलवे के लखनऊ-बाराबंकी रेलवे लाइन के किसान पथ (फैजाबाद रोड से मोहनलालगंज रोड तक) शारदा कैनाल के किमी 147.405 के बाईं एवं दाईं पटरी पर चार लेन के दो अलग अलग रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य की पुनरीक्षित प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति लागत 22032.15 लाख के प्रस्ताव को भी मंत्रिपरिषद ने अनुमोदित कर दिया है। इसके बन जाने से लखनऊ शहर के ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा। शहर भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।


Next Story