उत्तर प्रदेश

भतीजी से रेप करने वाले आरोपित के घर पर चला बुलडोजर

Teja
12 Feb 2023 12:28 AM IST
भतीजी से रेप करने वाले आरोपित के घर पर चला बुलडोजर
x

बांदा। घर में खेल रही मासूम को चाचा ने दबोच लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया था। पुलिस ने सुरागरसी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने आरोपित के घर बुल्डोजर चला दिया। इसके पहले भी पुलिस ने दो आरोपियों के घर अवैध निर्माण ढहाया था। कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ वर्षीय बालिका बुधवार को घर के बाहर खेल रही थी। तभी रिश्ते का मौसा और गांव के नाते लगने वाला चाचा आया और बहला फुसलाकर बच्ची को अपने ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह चाचा के चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती अपनी मां को बताई।

मां अपनी बेटी को लेकर थाने गई और घटना की तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मां की तहरीर पर आरोपी प्रदीप पुत्र भजना निवासी सांड़ासानी थाना कमासिन के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने घटना के आठ घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में अपराधियों पर भय व्याप्त करने के लिए अवैध रूप से बनाए गए निर्माण को ढहाने की कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर थानाध्यक्ष कमासिन ने आरोपित के घर अवैध रूप से किए गए निर्माण को ढहा दिया। इसके पहले पुलिस ने कालिंजर और तिंदवारी में भी अपराधियों के घर बुल्डोजर चलवाया था।

Next Story