उत्तर प्रदेश

Cybercrime अपराध पर बड़ा प्रहार, ऑपरेशन Cy-Vajra में बुलंदशहर ने मारी बाजी

Ratna Netam
13 July 2026 7:34 PM IST
Cybercrime  अपराध पर बड़ा प्रहार, ऑपरेशन Cy-Vajra में बुलंदशहर ने मारी बाजी
x

Bulandshahr बुलंदशहर : साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और डिजिटल ठगी में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए मेरठ रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत बड़ी सफलता मिली है। अभियान के अंतर्गत सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने भारत सरकार के संचार मंत्रालय (DoT) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, पुलिस और दूरसंचार विभाग के बीच बेहतर तालमेल, तकनीकी सूचनाओं के आदान-प्रदान और त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि फर्जी कॉल सेंटर संचालित करने वाले, म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले, सिम बॉक्स का इस्तेमाल करने वाले और अन्य साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।

डीआईजी ने पुराने साइबर अपराधियों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क किया जाए, ताकि अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रभावी प्रहार किया जा सके।

ऑपरेशन Cy-Vajra के शुरुआती पांच दिनों की कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मेरठ रेंज के चारों जिलों में कुल 435 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 77 एफआईआर दर्ज की गईं और 65 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी या नोटिस तामील की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान एक साइबर अपराधी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई। वहीं, साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में प्राप्त कर चेक के माध्यम से निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

जनपदवार कार्रवाई में बुलंदशहर ने सबसे अधिक प्रभावी कार्रवाई करते हुए 298 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया। यहां 47 मुकदमे दर्ज किए गए और 19 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी या नोटिस की कार्रवाई की गई। वहीं मेरठ में 75 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 26 एफआईआर दर्ज की गईं और 36 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।

इसी क्रम में बागपत में 24 शिकायतों का निस्तारण, 2 एफआईआर और 9 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। हापुड़ में 38 शिकायतों का समाधान किया गया, जबकि 2 मुकदमे दर्ज कर एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधों से निपटने के लिए दूरसंचार विभाग के तकनीकी प्लेटफॉर्म और आधुनिक संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है। ऑपरेशन Cy-Vajra का उद्देश्य साइबर ठगी के नेटवर्क को तोड़ना, अपराधियों की पहचान करना और आम लोगों को डिजिटल अपराधों से सुरक्षित रखना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Next Story