उत्तर प्रदेश

युवती से हैवानियत, तीन आरोपी सवालों के घेरे में

Saba Naaz
22 July 2026 9:30 PM IST
युवती से हैवानियत, तीन आरोपी सवालों के घेरे में
x

चित्रकूट: एक बार फिर प्रेमी जोड़े के साथ आपराधिक वारदात का मामला सामने आया है। शहर से सटे देवांगना हवाई पट्टी मार्ग पर घूमने आए एक प्रेमी जोड़े के साथ तीन युवकों द्वारा कथित रूप से दरिंदगी किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवकों ने पहले प्रेमी को पकड़कर बंधक बना लिया और इसके बाद उसकी प्रेमिका को झाड़ियों की ओर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बे निवासी प्रेमी जोड़ा बुधवार शाम करीब पांच बजे बाइक से देवांगना घाटी घूमने पहुंचा था। दोनों घाटी के एक स्थान पर बाइक खड़ी कर पत्थर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक से तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों से पूछताछ करने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद युवकों ने प्रेमी को पकड़ लिया और उसे डराने-धमकाने लगे।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, तीनों युवकों में से दो युवक युवती को जबरन झाड़ियों की तरफ ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वहीं तीसरा युवक प्रेमी को पकड़कर वहीं खड़ा रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रेमी जोड़ा काफी देर तक परेशान हालत में वहीं खड़ा रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने दोनों की हालत देखकर जानकारी ली। इसके बाद प्रेमी ने यूपी 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।

बहिलपुरवा थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवती को बालिग और युवक को नाबालिग बताया जा रहा है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो युवकों पर दुष्कर्म और तीसरे युवक पर प्रेमी को धमकाकर पकड़ने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे संभावित मार्गों की जांच की जा रही है। हालांकि, देवांगना हवाई पट्टी मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान करने में चुनौती आ रही है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया है। इसके अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन और घूमने के लिहाज से आने वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

गौरतलब है कि चित्रकूट जिले में इससे पहले भी प्रेमी जोड़ों के साथ ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 13 जुलाई को मानिकपुर थाना क्षेत्र के झरी फाटक के पास जंगल में घूमने गए प्रेमी जोड़े को तीन युवकों ने तमंचे के बल पर पकड़ लिया था। आरोप था कि युवकों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।

देवांगना घाटी की घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और सुनसान इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है।

Next Story