उत्तर प्रदेश

बहन के यहां जा रहा था भाई, बाइक सवारों ने हाईवे पर मारी गोली

Admin4
16 Jan 2023 6:52 PM GMT
बहन के यहां जा रहा था भाई, बाइक सवारों ने हाईवे पर मारी गोली
x
मेरठ। पल्लवपुरम में सोमवार देर रात कंकरखेड़ा अपनी बहन के यहां जा रहे एक युवक को बाइक सवार दो युवकों ने गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।
दौराला थाना क्षेत्र के सकौती गांव निवासी अनुज पुत्र रामनिवास शर्मा सोमवार देर रात कंकरखेड़ा में अपनी बहन आंचल के यहां बाइक से जा रहा था। मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल के सामने पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने हाईवे पर अनुज को गोली मार दी। अनुज के पेट में गोली लगी, जिस कारण वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। घायल अनुज को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
गोली लगने के बाद अनुज हाईवे पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इस दौरान कई वाहन चालक वहां से गुजरे, लेकिन किसी ने भी ना तो पुलिस को सूचना दी ना हीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान अस्पताल से ड्यूटी कर वापस घर लौट रहे मनोज नाम के एक अस्पताल कर्मी ने अनुज को हाईवे किनारे दर्द से तड़पता हुआ देखा तो अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती कराने के दौरान अनुज को गोली लगने की जानकारी कर्मी को हुई। जिस पर उसने पुलिस को सूचना दी।
हाईवे पर अनुज को बाइक सवारों ने गोली मार दी। लेकिन, किसी को गोली चलने की भनक तक नहीं हुई। हाईवे पर बढ़ते वाहनों के दबाव के चलते वाहनों के शोर में गोली की आवाज दब गई। जिस कारण अनुज हाईवे किनारे घायल अवस्था में दर्द से तड़पता रहा। ऐसे में यदि अस्पताल कर्मी वहां से नहीं गुजर रहा होता तो अनहोनी हो सकती थी।
अनुज पर गोली चलाने वाले सिवाया गांव निवासी युवक बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि घायल अनुज सिवाया गांव निवासी एक युवती से पिछले 4 साल से फोन पर बात करता था। इसको लेकर युवती के भाइयों ने जान से मारने की नियत से अनुज पर फायरिंग की। वहीं, पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर भी लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी राजपाल का कहना है कि जांच की जा रही है। घायल युवक गोली चलाने वाले सिवाया गांव के बता रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घायल के परिजनों को फोन पर सूचना दे दी गई है।
Admin4

Admin4

    Next Story