उत्तर प्रदेश

ललितपुर आउटर के नजदीक ट्रेन से कटकर युवक-युवती की मौत

Admindelhi1
14 March 2024 10:04 AM IST
ललितपुर आउटर के नजदीक ट्रेन से कटकर युवक-युवती की मौत
x

कानपूर: थाना जखौरा अन्तर्गत ग्राम पंचायत जखौरा रेलवे स्टेशन स्थित ललितपुर आउटर के नजदीक युवक व युवती के क्षत विक्षत शव पड़े होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों की शिनाख्त कराने के बाद उनको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन में जुट गई.

थाना जखौरा अंतर्गत रेलवे स्टेशन जखौरा में तैनात स्टेशन मास्टर ने थानाध्यक्ष को फोन करके सूचना दी कि ललितपुर आउटर के पास एक युवक व एक युवती के शव पड़े हैं. ट्रेन से कटने के कारण दोनों की मौत हो गयी. जानकारी मिलते ही जखौरा थानाध्यक्ष मनोज मिश्र अन्य पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर गए. आस पास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी देकर शवों की शिनाख्त के प्रयास किए गए. यहां पड़े एक मोबाइल फोन के कई नंबरों को डायल करके घटना से अवगत कराया गया. कुछ ही देर में युवक व युवती के परिजन मौके पर आ गए. युवक की पहचान कमलेश कुशवाहा (28) वर्ष पुत्र धनीराम निवासी चैनावारा के रूप में हुई तो वहीं युवती कुमारी दुर्गेश (19) पुत्री राजधर ग्राम पंचायत मुहारा की निवासी बतायी गयी. इसके बाद पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल भी शुरू कर दी. हालांकि दोनों के परिजनों ने पुलिस को अभी तक कोई खास जानकारी उपलब्ध नहीं कराई. घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर अवध नारायण राय ने बताया कि कटने का कारण पता किया जा रहा है.

कमलेश शादीशुदा, दो बच्चों का पिता: ग्रामीणों के मुताबिक जखौरा थानांतर्गत चैनावारा निवासी कमलेश कुशवाहा (28) पुत्र धनीराम निवासी चैनावारा की काफी पहले शादी हो चुकी थी. उसकी पत्नी व दो बच्चे भी हैं. वहीं युवती कुमारी दुर्गेश (19) पुत्री राजधर ग्राम पंचायत मुहारा की निवासी बतायी गयी. ग्रामीणों का अनुमान है कि युवक व युवती के बीच प्रेम संबंध रहे होंगे. शादी नहीं हो पाने के कारण दोनों ने आत्महत्या कर ली होगी.

Next Story