उत्तर प्रदेश

भाजपा की त्रिशक्ति रणनीति ही 2027 तक चुनावी सफलता की कुंजी: धर्मपाल सिंह

SHIDDHANT
20 Sept 2025 8:32 PM IST
भाजपा की त्रिशक्ति रणनीति ही 2027 तक चुनावी सफलता की कुंजी: धर्मपाल सिंह
x
लक
LUCKNOW लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठन की त्रिशक्ति रणनीति, शक्ति केंद्र, बूथ और मंडल को भाजपा की विजय का आधार बताया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र मंडल और बूथ के बीच सेतु हैं और इन्हीं की सक्रियता से संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा। धर्मपाल सिंह ने शनिवार को बाराबंकी में शक्ति केंद्र संयोजकों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों की हुई बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष झूठ, अफवाह और फरेब के सहारे जनता को गुमराह कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को संवाद के माध्यम से इन षड्यंत्रों को विफल करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर हर मतदाता तक पार्टी का संदेश पहुंचे।

उन्होंने कहा कि जनसंवाद और त्रिशक्ति संरचना 2027 के विधानसभा चुनाव सहित पंचायत और शिक्षक, स्नातक एमएलसी चुनावों में भाजपा की जीत की कुंजी बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने का अभियान है, जिसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर मनाई जाएगी। धर्मपाल सिंह ने जोर देकर कहा कि संगठन का विस्तार निरंतर कार्यकर्ता निर्माण से होता है। ऊर्जावान, परिश्रमी और अनुशासित युवाओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को नई ऊर्जा देनी है। पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी अभियान व कार्यक्रमों से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित हैं। इन योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखना है। भारत आज आर्थिक और सामरिक रूप से सशक्त होकर विश्व को नई दिशा देने को तैयार है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं को सजग रहकर बूथ केंद्रित रणनीति बनानी होगी और विपक्ष के हर षड्यंत्र को जनता के बीच संवाद से ध्वस्त करना होगा।
Next Story