उत्तर प्रदेश

भाजपा का रामराज, अखिलेश यादव का यूपी सरकार पर बड़ा आरोप

Admin4
27 July 2022 5:47 PM GMT
भाजपा का रामराज, अखिलेश यादव का यूपी सरकार पर बड़ा आरोप
x

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपाई नेता, मंत्री, अधिकारी सब भ्रष्टाचार में डूबे हैं। सभी विभागों में घूस के रेट तय है। हर फाइल में भ्रष्टाचार शामिल है। यही भाजपा का रामराज है। अखिलेश ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की जमीन का बैनामा कराए बगैर ही एक्सप्रेस-वे के नाम पर काम शुरू करवा दिया गया। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश की सीमा पर परिवहन की आवाजाही में वसूली की जा रही है। सरकार व उसके मंत्री बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर इतरा रहे थे, लेकिन रोजाना वह जगह-जगह धंसता जा रहा है। हमीरपुर में एक्सप्रेस-वे के अंडरपास में भी दरारें आ गई हैं। इटावा में सड़क धंस गई।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाओं की जांच में गई टीम ने उसमें तमाम खामियों को इंगित किया है। भाजपा सरकार के निम्नस्तर के निर्माण कार्यों की वजह से जनता की जान जोखिम में है। यूपी में सभी विभागों में ट्रांसफर पोस्टिंग का खेल खेला जा रहा है। जनता इस खेल में पिस रही है। जांच की आंच में बड़े-बड़े नाम आ रहे हैं। नमामि गंगे योजना में करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन गंगा अविरल, निर्मल नहीं हुई। यमुना स्वच्छ नहीं हुई। भ्रष्टाचारी, झूठी, जुमलोवाली भाजपा की डबल इंजन सरकार अब जनता की बर्दाश्त के बाहर होती जा रही है।

Next Story