उत्तर प्रदेश

दलित समुदाय के वोट बैंक पर भाजपा की निगाह, चलाएगी विशेष अभियान

Rani Sahu
30 Sep 2023 2:03 PM GMT
दलित समुदाय के वोट बैंक पर भाजपा की निगाह, चलाएगी विशेष अभियान
x
लखनऊ (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारी तेज कर दी है। अगड़ी जातियों में पैठ बनाने के साथ पिछड़ों को भी काफी हद तक साधने के बाद भाजपा की निगाह दलित समुदाय के वोट बैंक पर है। इसी क्रम में लखनऊ में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल और अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिकाओं के अध्यक्षों सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी बैठक में सम्मलित हुए।
इसमें बस्ती सम्पर्क अभियान के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी, लोक कलाकारों को साधने पर मंथन हुआ। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे अभियानों व कार्यक्रमों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की।
उन्होंने “बस्ती सम्पर्क अभियान” के तहत बस्तियों में लाभार्थियों से सम्पर्क सहित समाज के प्रबुद्ध वर्ग, सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी, लोक कलाकारों व अन्य प्रमुख लोगों से व्यक्तिगत रूप से सम्पर्क करने को कहा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने आगामी दिनों में अनुसूचित मोर्चा द्वारा प्रदेश के सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले सम्मेलनों की योजना पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र स्तर पर होने वाले इन सम्मेलनों में प्रत्येक विधानसभा के प्रत्येक बूथ से अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो इसके लिए हमें योजनापूर्वक कार्य करना होगा। केंद्र और राज्य भाजपा सरकार द्वारा अनुसूचित समाज के कल्याण के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी लोगों को अवगत कराने के लिए व्यापक सम्पर्क संवाद करने के लिए कहा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा अनुसूचित वर्ग के लोगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आज पूरे देश में अनुसूचित वर्ग के सबसे ज्यादा सांसद व विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं।
Next Story