उत्तर प्रदेश

यूपी में तीसरी बार सरकार बनाने का BJP ने बनाया प्लान

SHIDDHANT
11 Sept 2026 10:18 PM IST
यूपी में तीसरी बार सरकार बनाने का BJP ने बनाया प्लान
x
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्य में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाने को लेकर बैठक में विस्तार से चिंतन और मंथन किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई योजनाओं को अंतिम रूप भी दिया गया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का प्रवास अभी जारी है और वह शनिवार तक प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान संगठन और चुनावी तैयारियों से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
उपमुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि भाजपा आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक स्तर पर रणनीति बनाने में जुटी है। कोर कमेटी की बैठक में पार्टी की आगामी कार्ययोजना और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव बताने में गलती कर रहे हैं। मौर्य ने दावा किया, “100 दिन बाद समाजवादी पार्टी साइकिल पर बैठकर सैफई जाने वाली है।”
उनके इस बयान के बाद प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दल लगातार अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। भाजपा जहां तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन और रणनीति पर काम कर रही है, वहीं विपक्ष भी चुनावी तैयारियों में जुटा हुआ है। आने वाले दिनों में भाजपा की बैठकों का दौर जारी रहने के साथ चुनावी रणनीति को और धार दिए जाने की संभावना है।
Next Story