उत्तर प्रदेश

ज़मीन खरीद को लेकर बीजेपी विधायक और मंडल अध्यक्ष में ठनी

Admin Delhi 1
22 Jan 2023 11:26 AM GMT
ज़मीन खरीद को लेकर बीजेपी विधायक और मंडल अध्यक्ष में ठनी
x

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बैनामे की भूमि पर कब्जे को लेकर भारतीय जनता पार्टी विधायक राजीव तरारा और पार्टी के मंडल अध्यक्ष सनोज कुमार आमने सामने आ गए। दोनों ओर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

अमरोहा जनपद मंडी धनौरा तहसील क्षेत्र में गजरौला थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोसाईं में बेशकीमती भूमि पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद गरमाता ही जा रहा है। शनिवार को इस प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। धनौरा विधानसभा सुरक्षित सीट से भाजपा के विधायक राजीव तरारा पर आरोप लगाने वाले और कोई नहीं बल्कि पिछले छह साल से उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले भाजपा के मंडल अध्यक्ष सनोज कुमार है। सनोज कुमार ही उक्त भूमि के मालिक हैं उन्होंने विधायक पर गंभीर सवाल खड़े किए।

शनिवार को तहसील पर सनोज कुमार भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक (भाकियू) पदाधिकारियों को लेकर मंडी धनौरा में आयोजित समाधान दिवस में जा पहुंचे जहां जिलाधिकारी (डीएम)बीके त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक (एसपी)आदित्य लांग्हे फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण कर रहे थे। भाजपा के मंडल अध्यक्ष सनोज कुमार ने उनके समक्ष अपना पक्ष रखतें हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि गजरौला क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोसाईं में उसने कृषि योग्य कुछ जमीन खरीदी थी। आरोप है कि विधायक को यह कदम बेहद नागवार गुजरा। विधायक के दबाव में प्रशासन उक्त जमीन की पैमाईश नहीं कर रहा है ।

अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों के मामले मे विधायक राजीव तरारा शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी खरीदी गई जमीन के मामले मे उनका सीधा कोई लेना देना नहीं है।और ना ही उनका भू-माफियाओं से कोई ताल्लुक है। उन्होंने स्टे का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित जमीन को कोई खरीद बेच नहीं सकता। भूमाफियाओं द्वारा संबंधित जमीन को फर्जी तरीके से बैनामा कराया गया है। शुक्रवार को विधायक ने अपने बयान में आगे कहा कि यह मेरी छवि को धूमिल करने का प्रयास है।

विधायक द्वारा भूमाफिया कहे जाने के जवाब में भाजपा मंडल अध्यक्ष सनोज कुमार ने आज जमीन विक्रेता को प्रेस और जिलाधिकारी के समक्ष पेश किया।

गौरतलब है कि विधायक द्वारा कथित रूप से जमीन की पैमाईश में अड़ंगा लगाने के विरोधस्वरूप भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक द्वारा धनौरा रामलीला मैदान में हजारों किसानों के साथ भाकियू के झंडे लगे ट्रैक्टरों का जमावड़ा लगा हुआ था। शनिवार को किसानों द्वारा सडक जाम की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा के लिहाज से रामलीला मैदान में पुलिस बल दिन भर मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी ने जमीन क्रेता को न्याय का भरोसा दिलाया ।

Next Story