उत्तर प्रदेश

अलग-अलग जगहों से आईफोन लूटने वाले बाइकर्स सक्रिय

Admindelhi1
23 Sept 2026 9:43 AM IST
अलग-अलग जगहों से आईफोन लूटने वाले बाइकर्स सक्रिय
x
न्यू लॉन्च आईफोन 18 प्रो समेत तीन आईफोन लूटे

नोएडा: नोएडा के विभिन्न जगहों से बाइकर्स ने हाल ही में लॉन्च हुए आईफोन 18 प्रो सहित तीन लोगों से आईफोन लूट लिया। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने मंगलवार काे बताया कि शुभी भंडारी पत्नी साकेत गुप्ता ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह 21 सितंबर की रात को अपनी सोसाइटी से एक मूर्ति की तरफ ई- रिक्शा से जा रही थी। चेरी काउंटी सोसायटी क्रॉस करने के बाद वह ई रिक्शा से उतरी और वह क्यूआर कोड स्कैन कर पेमेंट करने लगी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से आईफोन 18 प्रो लूट लिया। महिला के अनुसार उन्होंने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना फेस- तीन के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र बताया कि दुर्गेश कुमार पुत्र रेशम पाल सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 71 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार वह सुबह के समय मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथ से उनका कीमती आईफोन 17 प्रो लूट लिया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया लेकिन वे तेज गति से बाइक चला कर भागने में सफल रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर -58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अमन सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह इंदिरापुरम के रहने वाले हैं, तथा थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के सेक्टर 58 स्थित एक कंपनी में इंजीनियर के रूप में काम करते हैं। पीड़ित के अनुसार वह अपने ऑफिस से निकलकर पैदल जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनका कीमती आईफोन छीन लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि बदमाश लूट करके जाते हुए एक बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

Next Story