उत्तर प्रदेश

हस्तिनापुर में बाइक सवार बदमशों ने एक पत्रकार समेत दो की हत्या

Shreya
24 July 2023 4:25 AM GMT
हस्तिनापुर में बाइक सवार बदमशों ने एक पत्रकार समेत दो की हत्या
x

हस्तिनापुर: रविवार की सरेशाम हस्तिनापुर-मवाना मार्ग पर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक पत्रकार समेत दो लोगों की हत्या कर दी। पत्रकार व ई-रिक्शा चालक को छह गोली मारी गई। हत्यारे बाइक पर सवार थे। घटना मखदमपुर कालोनी के सामने घटी।

डबल मर्डर की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने हस्तिनापुर-मवाना मार्ग पर जाम लगा दिया। उधर, एसएसपी रोहित सजवाण भी मौके पर पहुंचे तथा थाने पर ही कैंप किये हुए हैं। देर रात तक ग्रामीणों ने सड़क जाम रखी।

डबल मर्डर की घटना शाम 4.15 बजे की हैं। सुरेंद्र पुत्र रमेश (35) निवासी पाली गांव ई-रिक्शा लेकर हस्तिनापुर जा रहा था। अरविंद उर्फ कालू (22) पत्रकार था, जो पाली गांव का रहने वाला था, वो भी इसी ई-रिक्शा में सवार था। सुरेंद्र और अरविंद जैसे ही मखदूमपुर कॉलोनी के सामने पहुंचे, तभी पीछे से बाइक सवार आये और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।

बदमाशों ने छह राउंड गोलियां चलाई, जिसके बाद सुरेंद्र और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर बदमाश मवाना की तरफ को फरार हो गये। बदमाशों की संख्या तीन बताई गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा आनन-फानन में दोनों शव उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। इसी बीच पाली गांव के लोग भी पहुंच गए

तथा ग्रामीण इस बात पर भड़क गए कि उनके आने से पहले ही पुलिस ने शव को उठा लिया था। इसको लेकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। जाम करीब 30 मिनट रहा, फिर पुलिस ने खुलवा दिया। फिर शाम छह बजे ई-रिक्शा चालक सुरेंद्र के परिजन पहुंचे औ उन्होंने जाम लगा दिया। जाम देर शाम तक चला।

डबल मर्डर: परिजनों ने चार घंटे लगाया जाम, मार्ग रहा बाधित

डबल मर्डर के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने हस्तिनापुर-मवाना मार्ग पर चार घंटे जाम लगाया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के समझाने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला। परिजनों के आने से पहले ही पुलिस ने दोनों शव उठा लिये थे, जिसके बाद ग्रामीण भड़क गए थे। इसी वजह से ग्रामीणों ने दो बार मार्ग को जाम किया। इस घटना के पीछे मृतक की पत्नी ने पूर्व पति के परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया हैं। पुलिस इस बिंदू को लेकर भी छानबीन कर रही हैं।

जाम लगने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। चार घंटे जाम रहा। जाम दो टुकड़ों में लगा। एक बार जाम खुल गया था, फिर से ग्रामीणों ने जाम लगा दिया तथा पुलिस से हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। जाम रात्रि आठ बजे तक चला। जाम इसी शर्त पर ग्रामीणों ने खोला कि हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करें। इसमें मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर शक जाहिर किया, जिनके घरों पर एसएसपी ने दबिश देने के लिए तीन टीमों को लगाया।

मकदूमपुर कालोनी के सामने घटी डबल मर्डर की घटना के बाद एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीओ मवाना आशीष शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे और हत्यारों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण शांत हो गए और जाम खोल दिया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से जाम लगा दिया।

हालांकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसपी थाने पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर जानकारी हासिल की कि मृतकों की किससे दुश्मनी चल रही थी। एसएसपी ने सीओ मवाना को निर्देशित करते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी करने को कहा। उधर, घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

मौके पर पहुंचे एडीजी, आईजी

रविवार देर शाम मुख्य मार्ग स्थित मखदूमपुर कॉलोनी के समक्ष हुए डबल मर्डर के बाद एडीजी राजीव सब्बरवाल और आईजी नचिकेत झा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आलाधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए डबल मर्डर के जल्द खुलासा किए जाने के दिशा निर्देश दिए।

सात नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

कस्बे के मुख्य मार्ग पर मखदूमपुर कॉलोनी के समीप हुए डबल मर्डर में मृतक अरविंद के भाई ने बताया कि अरविंद की पत्नी गीता की 2002 में पाली निवासी युवक से विवाह हुआ था। जिसकी 2020 में मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद गीता ने अरविंद से कोर्ट मैरिज किया था।

जिसके चलते गीता के पहले पति महकेश के परिजन अरविंद से रंजिश रखते थे। जिसके चलते संजय पुत्र रामकुमार, ऋतिक पुत्र संजय, प्रिंस पुत्र संजय, दीपांशु पुत्र महकेश व हिमांशू पुत्र विनोद, इंदर पुत्र मंगू निवासीगण ग्राम पाली व दो व्यक्ति नाम व पता अज्ञात ने अरविंद की हत्या कर दी।

डबल मर्डर के बाद गायब नजर रहे थाना प्रभारी

कस्बे में दिनदहाड़े डबल मर्डर के बाद हस्तिनापुर थाना प्रभारी मौके से नदारद नजर आये। जबकि मौके पर एसएसपी, सीओ मवाना पहुंचे, लेकिन इंस्पेक्टर हस्तिनापुर नहीं पहुंचे। देर शाम तक भी वह घटनास्थल या थाने में नहीं पहुंच पाए थे।

परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

कस्बे में डबल मर्डर से पीड़ित परिजनों ने हस्तिनापुर मवाना मार्ग पर घंटों जाम लगाए रखा। जाम के दौरान पीड़ित परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाते रहे परिजनों का कहना था कि थाना पुलिस घटनाओं का खुलासा करने में नाकाम है। सरकार के आदेशों के बाद भी पुलिस की रात्रि गश्त नजर नहीं आती जिसके चलते कस्बे में लगातार घटनाएं हो रही है।

Next Story