उत्तर प्रदेश

सड़क हादसे में बाइक सवार फूफा की मौत

Admin4
8 April 2023 12:52 PM GMT
सड़क हादसे में बाइक सवार फूफा की मौत
x
बंडा। पुवायां रोड पर परवाना चक्की के पास फूफा-भतीजे की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इस हादसे में फूफा की मौत हो गई, जबकि भतीजा घायल हो गया। भतीजा फूफा के साथ बहन के लिए रिश्ता देख कर लौट रहा था। घायल भतीजे को मामूली चोट लगी। उसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
जनपद हरदोई के थाना हरिपालपुर के गांव खसौरा निवासी नागेंद्र कुशवाहा के 28 वर्षीय पुत्र रोहित ने बताया कि वह अपनी बहन की शादी के लिए रिश्ता देखने के लिए अपने घर से बुधवार सुबह बाइक से निकला था। रास्ते में उसने थाना मिर्जापुर के गांव राजेपुर राय निवासी अपने रिश्ते के फूफा राजीव कुमार उर्फ पप्पू (45) को अपने साथ ले लिया और बंडा के गांव कुंडरा निवासी मलिखान सिंह कुशवाहा के घर आ गया। गुरुवार को उसके फूफा राजीव ने उससे बंडा के ही गांव भानपुर निवासी अपने बहन-बहनोई के घर चलने के लिए कहा। जिस पर वह अपने फूफा के साथ भानपुर चला गया और रात भर उन्हीं के घर रुका। शुक्रवार सुबह फूफा राजीव कुमार के साथ बाइक लेकर वह भानपुर से अपने घर के लिए निकल पड़े। जैसे ही उसके फूफा राजीव ने बंडा-पुवायां नेशनल हाईवे पर अपनी बाइक को मोड़ा, तभी परवाना चक्की के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह और उसका फूफा दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां सड़क पर गिरते ही उसके फूफा राजीव कुमार की मौत हो गई और वह बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 108 एंबुलेंस ने उसे बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रोहित को मामूली चोटें होने पर प्राथमिक उपचार दे दिया गया और मृतक के शव को बंडा पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों और रिश्तेदारों को दी गई। राजीव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोहित ने बताया कि राजीव कुशवाहा उसके सगे फूफा मनोज कुशवाहा के बड़े भाई थे, जिन्हें साथ में लेकर वह अपनी बहन की शादी के लिए रिश्ता खोजने निकला था। राजीव की पत्नी उमा देवी, पुत्री काजल और पुत्र अंकित का रो रोकर बुरा हाल है।
Next Story