उत्तर प्रदेश

Bike-mobile चोरी गैंग का खुलासा, तमंचा-चाकू बरामद

Ratna Netam
7 July 2026 4:52 PM IST
Bike-mobile चोरी गैंग का खुलासा, तमंचा-चाकू बरामद
x

Noida नोएडा : कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस ने दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस टीम अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 7 जुलाई को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए कैलाश कट, सेक्टर-27 के पास से इस गिरोह का खुलासा किया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश, अप्पु उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम, शरद सिंह देव और सूरज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। ये लोग पहले अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर रेकी करते थे और उसके बाद मौका मिलते ही दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग और अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिल और तीन चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपी विकास के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ है। वहीं दानिश, साहिल उर्फ शुभम और शरद सिंह देव के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया।बरामदगी के आधार पर थाना सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 317(5) बीएनएस और 3/4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य गतिविधियों और इससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अप्पु उर्फ संदीप, विकास, साहिल उर्फ शुभम और सूरज कुमार गुप्ता के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन का संबंध थाना बिसरख, थाना सेक्टर-39 और थाना सेक्टर-20 में दर्ज चोरी के मामलों से भी पाया गया है। पुलिस अब इन मामलों में भी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

थाना सेक्टर-20 पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन और मोबाइल चोरों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।

Next Story