उत्तर प्रदेश

Bijnor: गंगा में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबकर मौत

Admindelhi1
24 May 2025 6:14 PM IST
Bijnor: गंगा में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो की डूबकर मौत
x
परिवारों में छाया मातम

बिजनौर: भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गंगा में नहाने गए पांच किशोरों की मौज-मस्ती उस वक्त मातम में बदल गई, जब उनके दो साथी नदी की तेज धार में डूब गए। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

शुक्रवार दोपहर मंडावर कस्बे के मोहल्ला मंगल बाजार निवासी समीर (17) पुत्र कल्लू और तनवीर (16) पुत्र मुन्ना अपने तीन दोस्तों अनस, अमन और तैय्यब के साथ मीरापुर खादर क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे पहुंचे थे। नहाने के दौरान समीर और तनवीर गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बहने लगे। घबराए उनके तीन साथियों ने तुरंत बाहर निकलकर गांववालों से मदद मांगी।

सूचना पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह और थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Next Story