उत्तर प्रदेश

Bijnor: लकवाग्रस्त दंपति की आग में फंसकर मौत, नहीं हो सका बचाव

Admindelhi1
5 May 2025 3:19 PM IST
Bijnor: लकवाग्रस्त दंपति की आग में फंसकर मौत, नहीं हो सका बचाव
x
"दोनों पति-पत्नी लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे"

बिजनौर: थाना बढ़ापुर क्षेत्र के गांव कुंजेटा में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक हादसे में लकवाग्रस्त बुजुर्ग दंपति की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे, जिससे वे आग लगने पर खुद को बचा भी नहीं सके।

गांव निवासी 68 वर्षीय महावीर सिंह और उनकी 65 वर्षीय पत्नी ओमी देवी घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। आशंका है कि रात में महावीर सिंह द्वारा बीड़ी पीने के दौरान माचिस की चिंगारी से आग लगी, जो धीरे-धीरे पूरे कमरे में फैल गई।

दंपति न तो आवाज़ लगा सके और न ही बाहर निकल सके। सुबह करीब तीन बजे जब घर से धुआं निकलता देखा गया, तो पड़ोसियों ने परिजनों को जगाया। लेकिन जब तक दरवाजा खोला गया, तब तक दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर सीओ अंजनी कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है। गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है, वहीं परिवारजन गहरे सदमे में हैं।

Next Story