उत्तर प्रदेश

Bijnor: ओवरलोड खनन वाहन ने मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत

Tara Tandi
10 March 2025 11:31 AM IST
Bijnor: ओवरलोड खनन वाहन ने मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
x
Bijnor बिजनौर । जिले में खनन का खेल ज़ोर पर चल रहा है। खनन कारोबारी को किसी अधिकारी का डर नहीं है। नगीना देहात थाना क्षेत्र के किशनपुर आंवला गांव में ओवरलोड खनन वाहन की वजह से हुआ सड़क हादसा पूरे इलाके में आक्रोश का कारण बन गया है। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डंपर को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक फरार है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान यूनियन ने इस लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष ने पहले ही ARTO बिजनौर को फोन पर सूचना दी थी कि ओवरलोड खनन वाहनों के चलते कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। लेकिन, अफसोस की बात है कि अधिकारियों ने इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप तीन निर्दोष लोगों की जान चली गई। खनन सामग्री से लदा डंपर तेज रफ्तार में था। वजन अधिक होने के कारण वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश
मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांववालों और किसान संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और ARTO समेत जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई गई होती, तो तीन लोगों की जान नहीं जाती।
Next Story