- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bijnor: ओवरलोड डंपर ने...

बिजनौर: जिले में खनन का अवैध खेल जोरों पर है। खनन कारोबारियों को प्रशासन का कोई डर नहीं है, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। नगीना देहात थाना क्षेत्र के किशनपुर आंवला गांव में एक ओवरलोड खनन वाहन के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक महिला समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है, लेकिन चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान यूनियन की चेतावनी
किसान यूनियन ने इस लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष ने पहले ही ARTO बिजनौर को ओवरलोड खनन वाहनों के खतरे की सूचना दी थी। लेकिन अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया, जिसका नतीजा तीन निर्दोष लोगों की मौत के रूप में सामने आया।
खनन सामग्री से लदा डंपर तेज रफ्तार में था। अधिक वजन के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों में आक्रोश, प्रदर्शन की चेतावनी
मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, और गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों व किसान संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और ARTO समेत जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई गई होती, तो तीन निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती थी।





